भारत की बेटी मीराबाई चानू ने ओलंपिक की भारोत्तोलन स्पर्धा में पहले ही दिन चांदी यानी सिल्वर मेडल जीतकर देश का मान बढ़ाया है। पांच साल पहले रियो में नाकामी के बाद चानू ने हार मानने बजाय आगे बढ़कर लड़ने का जज्बा दिखाया और आज देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी समेत 125 करोड़ देशवासी शुभकामनाएं दे रहे हैं।
![](https://newsimpact.in/wp-content/uploads/2021/07/mirabai-chanu.jpg)
रोने के राज में छिपी है जीत की खुशी
ओलंपिक में भारोत्तोलन स्पर्धा में पदक के लिए भारत का 21 वर्ष का सूखा खत्म करने वाली मीराबाई चानू ने 49 किलो वर्ग में रजत पदक जीता तो उनकी विजयी मुस्कान ने उन सभी आंसुओं की भरपाई कर दी जो पांच साल पहले रियो में नाकामी के बाद उनकी आंखों से बहे थे । आपको बता दें कि पांच साल पहले खेलों के महासमर में निराशाजनक पदार्पण के बाद इसी मंच से वह रोती हुई गयी थीं।
अब मैं इस पदक के साथ घर जाऊंगी।
ओलंपिक में भारतीय भारोत्तोलन में नया इतिहास रचने वाली चानू ने कहा कि वह अब अभ्यास की परवाह किए बिना अपने परिवार के साथ छुट्टियां बिता सकती हैं क्योंकि पिछले पांच वर्षों में वह केवल पांच दिन के लिए मणिपुर स्थित अपने घर जा पायी। चानू ने कहा, अब मैं इस पदक के साथ घर जाऊंगी। आपको बता दें कि चानू का परिवार नोंगपोक काकचिंग गांव में रहता है जो इंफाल से करीब 20 किलोमीटर दूर है।
![](https://newsimpact.in/wp-content/uploads/2021/07/mirabai-chanu2.jpg)
भारत को पहली बार दिलाया यह सम्मान
चानू की इस ऐतिहासिक जीत से भारत पहले ही दिन पदक तालिका में अपना नाम दर्ज में सफल रहा। भारत यह उपलब्धि इसके पहले कभी हासिल नहीं कर सका था। मणिपुर की 26 साल की चानू ने कुल 202 किग्रा (87 किग्रा + 115 किग्रा) से कर्णम मल्लेश्वरी के 2000 सिडनी ओलंपिक में कांस्य पदक (ब्रॉन्ज मेडल) से बेहतर प्रदर्शन किया।
इससे सुखद शुरूआत नहीं हो सकती थीः प्रधानमंत्री मोदी
चानू की सफलता पर राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री से लेकर कई केन्द्रीय मंत्रियों ने बधाई दी। राष्ट्रपति कोविंद ने ट्वीट किया, ”भारोत्तोलन में रजत पदक जीतकर तोक्यो ओलंपिक 2020 में भारत की पदक तालिका में शुरूआत कराने के लिए मीराबाई चानू को बधाई । जबकि प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट किया, ”तोक्यो ओलंपिक 2020 में इससे सुखद शुरूआत नहीं हो सकती थी। भारत मीराबाई चानू के शानदार प्रदर्शन से बहुत खुश है। उनकी सफलता प्रत्येक भारतीय को प्रेरित करेगी। वहीं खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने ट्वीट किया, ”भारत का पहले दिन का पहला पदक। भारत को तुम पर गर्व है मीरा। गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट किया ,”क्या गर्व का पल है। हर भारतीय मीराबाई चानू की ऐतिहासिक उपलब्धि से हर्षित है। पूर्व खेल मंत्री किरेन रीजीजू ने लिखा, ”भारत ने मीराबाई चानू के 49 किलोग्राम महिला भारोत्तोलन वर्ग में रजत पदक से तोक्यो ओलंपिक 2020 में पहला पदक जीता और भारत को गौरवान्वित किया। बधाई हो मीराबाई चानू। चीयर4इंडिया।