बिलासपुर (छत्तीसगढ़)। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर रेलवे स्टेशन के पास मंगलवार, 4 नवंबर 2025 को एक बड़ा रेल हादसा हो गया। एक पैसेंजर ट्रेन और मालगाड़ी की जोरदार टक्कर में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई यात्री घायल हो गए। हादसा होने के बाद रेलवे, प्रशासन और NDRF की टीमें राहत और बचाव कार्य में जुट गईं।
16-17 यात्री गंभीर
जिला कलेक्टर संजय अग्रवाल ने बताया कि टक्कर बेहद भीषण थी और कई यात्री ट्रेन के डिब्बों में फंस गए थे। उन्होंने कहा:“अब तक 8 लोगों की मौत हो चुकी है। दो यात्री अभी भी डिब्बों में फंसे हैं। करीब 16-17 यात्री गंभीर हालत में हैं। यह बहुत बड़ा हादसा है। प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद हैं और लगातार बचाव कार्य हो रहा है।”
हादसे के कारण ट्रैक पर सेवाएं बाधित
घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। गंभीर रूप से घायल यात्रियों के लिए मेडिकल टीमों को अलर्ट पर रखा गया है। हादसे के कारण रेलवे ट्रैक पर सेवाएं बाधित हो गईं, और कई ट्रेनों का मार्ग बदला गया। रेलवे अधिकारियों ने हादसे के कारणों की जांच के आदेश दे दिए हैं।
कैसे हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा शाम करीब 4 बजे हुआ, जब MEMU पैसेंजर ट्रेन के आखिरी कोच और मालगाड़ी के पहले डिब्बे के बीच टक्कर हो गई। इंस्पेक्टर जनरल संजीव शुक्ला ने बताया कि बचाव दल एक यात्री को कोच के अंदर से निकालने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। राहत और बचाव कार्य को तेज़ी से अंजाम दिया जा रहा है। घटनास्थल पर मेडिकल टीमों और रेलवे कर्मचारियों को तैनात किया गया है, ताकि घायलों को तुरंत सहायता और इलाज उपलब्ध कराया जा सके।
हेल्पलाइन नंबर जारी
चंपा जंक्सन: 808595652
राजगढ़: 975248560
पेंड्रा रोड: 8294730162
दुर्घटना स्थल: 9752485499, 8602007202
स्थानीय प्रशासन ने यात्रियों और उनके परिजनों के सहायता हेतु हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं।






