शिवहर के लाल यश वर्द्धन ने सूबे का बढ़ाया मान, CLAT 2026 में बने बिहार टॉपर, ऑल इंडिया 26वीं रैंक

पटना। सिविल सेवा में इस साल बिहार के युवाओं द्वारा परचम लहराने के बाद अब बिहार के एक नौनिहाल ने शिवहरSheohar) ( जिला के साथ-साथ बिहार का मान बढ़ाया है। शिवहर के लाल यश वर्द्धन प्रताप कानून की पढ़ाई के लिए प्रतिष्ठित प्रवेश परीक्षा CLAT 2026 बिहार-झारखंड (Bihar-Jharkhand) में टॉपर बने हैं। वहीं ऑल इंडिया 26वीं रैंक हासिल की है।

कौन हैं यश वर्द्धन

यश वर्द्धन प्रताप मूल रूप से बिहार के शिवहर जिला के मकसूदपुर कररिया के रहने वाले हैं। इनके दादा बल नारायण कुंअर रिटायर्ड इंजीनियर हैं। वहीं पिता सुभाष कुमार पटना में सहकारिता विभाग में एडिशनल रजिस्ट्रार के पद पर हैं। यश की मां संध्या कुमारी एक गृहणी हैं।

6-7 घंटे रोज की पढ़ाई

यश ने बताया कि नियमित रूप से वह 6 से 7 घंटे पढ़ाई की और सफलता मिल गई। यश ने कहा कि शुरू में लगता था कि CLAT की परीक्षा बहुत कठिन होती है ऐसे में कभी-कभार दबाव आ जाता था। लेकिन पापा और मां ने कभी दबाव को मेरे उपर हावी नहीं होने दिया। वे लोग हमेशा मुझे प्रोत्साहित करते रहे। यश का कहना है कि अपनी-अपनी क्षमता के अनुसार इस परीक्षा के लिए 6 से 8 घंटे की पढ़ाई पर्याप्त है।

पिता की कसक पहले प्रयास में पूरी की

यश वर्द्धन प्रताप को मिठाई खिलातीं मां संध्या कुमारी, साथ मेंं पिता सुभाष कुमार एवं छोटा भाई हर्ष वर्द्धन।

यश वर्द्धन प्रताप बचपन से ही मेधावी रहे हैं और उन्होंने CLAT 2026 में राष्ट्रीय स्तर पर 26वीं रैंक लाकर अपनी प्रतिभा का लोहा भी मनवा दिया है। आपको बता दें कि यश वर्द्धन के पिता सुभाष कुमार ने पहले आईआईटी (IIT) के जरिये इंजीनियर बनने की कोशिश की जिसमें वह सफल नहीं हुए। इसके बाद सिविल सेवा की परीक्षा (UPSC) में तीन बार इंटरव्यू तक पहुंचे लेकिन वहां भी कामयाबी नहीं मिली। इसके बाद बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की परीक्षा में सफलता हासिल कर असिस्टेंट रजिस्ट्रार बने। जबकि यश ने पहले प्रयास मेंं ही न केवल सफलता हासिल की है बल्कि बिहार-झारखंड टॉपर बनने के साथ ऑल इंडिया रैंकिंग 26वीं हासिल की है। जब न्यूज इम्पैक्ट (https://newsimpact.in/) की टीम ने यश के पिता को सफलता की बधाई देने के लिए फोन किया तो उनके पास अपनी खुशी बयां करने के लिए शब्द नहीं थे, ऐसा लगा मानों 20 साल की कसक एक झटके में पूरी हो गई।