न्यूजर्सी से लंदन आ रही फ्लाइट में महिला से दुष्कर्म

अमेरिका के न्यूजर्सी से लंदन आ रही यूनाइटेड एयरलाइंस की फ्लाइट के बिजनेस क्लास में एक महिला से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। मामला 31 जनवरी का है, पुलिस ने इस मामले में आरोपी को घटना वाले दिन ही हीथ्रो एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया था। हालांकि शुरुआती जांच के बाद उसे जमानत पर छोड़ा गया है, पुलिस मामले की जांच कर रही है।

एक महिला का आरोप है कि वो 31 जनवरी को न्यूजर्सी से लंदन आ रही फ्लाइट के बिजनेस क्लास में सफर कर कर रही थी। फ्लाइट में एक अन्य व्यक्ति भी सफर कर रहा था, जिसे वो नहीं जानती थी। आरोप है कि उस व्यक्ति ने महिला के साथ छेड़खानी की और देर रात उसके साथ दुष्कर्म किया। महिला ने आरोप लगाया कि घटना के समय अन्य यात्री सो रहे थे। महिला ने घटना के तुरंत बाद फ्लाइट अटेंडेंट को सूचना दी और विमान उतरने से पहले पुलिस को भी सूचित किया।

एयरलाइंस के प्रवक्ता का कहना है कि पुलिस ने शिकायत मिलने की पुष्टि की है और हमारे चालक दल को जांच के लिए भी बुलाया है। उन्होंने कहा कि हम किसी भी जांच में सहयोग करेंगे। मामले की जानकारी मीडिया को उस समय नहीं दी गई, अब मामला सामने आया है। पुलिस ने कहा कि इस मामले में तेजी से जांच की जा रही है।