Bihar election 2025: पटना। बिहार विकासशील इंसान पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष रंजीत साहनी, मुजफ्फरपुर के जिला अध्यक्ष महावीर सहनी ने आज वीआईपी के सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ भाजपा में शामिल हो गए। इसके अलावा कुंवर वाहिनी अध्यक्ष और राजद नेता जितेंद्र स्वामी, प्रखंड प्रमुख मनोज सिंह, सीवान व्यवसायी संघ के अध्यक्ष रजनीकांत जायसवाल सहित कई गणमान्य लोगों ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
इन सभी लोगों को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने भाजपा की सदस्यता दिलाई और पार्टी में स्वागत किया। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय और बिहार के मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने भी भाजपा में आए लोगों का स्वागत किया।
भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने वालों में रघुनाथपुर प्रखंड प्रमुख मनोज सिंह, उमाशंकर सिंह कॉलेज के प्राचार्य अभिनव प्रियदर्शी, सिवान व्यवसायी संघ के अध्यक्ष रजनीकांत जायसवाल, महराजगंज व्यापार मंडल के अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह, ग्लोबल स्कूल के विकास सिंह, प्रो आशीष कुमार सिंह प्रमुख थे।
इसके अलावा अनिल सिंह प्रमुख रघुनाथपुर और राजद नेता, पप्पू सिंह मुखिया, राजद नेता कक्कू स्वर्णकार ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इसके अलावा वीआईपी के कुढ़नी के प्रखंड अध्यक्ष सतीश कुमार, युवा प्रखंड अध्यक्ष गरीबन सहनी सहित वीआईपी के सैकड़ों पदाधिकारियों ने सदस्यता ग्रहण की। वाल्मीकि समाज सफाई संघ के अध्यक्ष राजेश कुमार वाल्मीकि सैकड़ों समर्थकों के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
पार्टी में आए सभी लोगों का स्वागत करते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने कहा कि महागठबंधन सत्ता की दुकानदारी चाहता है जबकि एनडीए विकसित बिहार का सपना पूरा करना चाहता है। उन्होंने कहा कि जनता समझ चुकी है कि जो गठबंधन आज सीट बंटवारा नहीं कर सकता, वह सरकार क्या चलाएगा।






