नई दिल्ली। आप अखबारों में हर दिन कई तस्वीरें देखते होंगे लेकिन उनमें से कुछ तस्वीर ऐसी होती है जहां आपकी नजर अटक जाती है। यह तस्वीर खुशी, गम, आक्रोश, बेबसी, प्राकृितक आपदा या सौंदर्य से जुड़ी हो सकती है जो पूरी खबर पढ़े बिना आप सबकुछ उसे देखकर समझ जाते हैं। ऐसी ही तस्वीरों को अपने कैमरे में कैद करने वाले देश के चुनिंदा फोटो जर्नलिस्ट की फोटो प्रदर्शनी दिल्ली के इंडिया इंटरनेशल सेंटर में “द बिग पिक्चर 2025” (The Big Picture 2025) के नाम से लगी है। इसमें शनिवार, को केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी और दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा भी पहुंचे।
क्या है खास
इस प्रदर्शनी में भारत भर के 69 फोटो पत्रकारों के कार्यों को प्रदर्शित किया गया है और उनके द्वारा ली गई प्रभावशाली तस्वीरें प्रदर्शित की गई हैं। इनमें इतिहास को दर्ज करने में फोटो पत्रकारिता की भूमिका को दर्शाया गया है। यहां प्रदर्शित सशक्त तस्वीरें जीवन के उन सहज क्षणों को कैद करती हैं जो जीवन की गहराई, विविधता और तात्कालिकता को दर्शाते हैं, और विकसित होती तकनीक के साथ प्रामाणिकता का संतुलन बनाए रखते हैं। यह प्रदर्शनी ऑल इंडिया वर्किंग न्यूज कैमरामैन एसोसिएशन (डब्ल्यूएनसीए) के सहयोग से आयोजित की गई है।
फोटोग्राफी और एआई पर 24 को कार्यशाला
यह प्रदर्शनी प्रतिदिन सुबह 11:00 बजे से शाम 7:00 बजे तक जनता के लिए खुली रहेगी। प्रदर्शनी के अंतर्गत 24 दिसंबर, 2025 को “फोटोग्राफी और एआई” (Photography and AI) पर एक कार्यशाला भी आयोजित की जाएगी। यह प्रदर्शनी 30 दिसंबर तक चलेगी।
सोनू मेहता से ली जानकारी
पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी जब इंडिया इंटरनेशल सेंटर में पहुंचे तो वह हिन्दुस्तान के वरिष्ठ फोटो जर्नलिस्ट सोनू मेहता की प्रदर्शित फोटो का भी अवलोकन किया। इतना ही नहीं उन्होंने फोटो जर्नलिस्ट सोनू मेहता से उन तस्वीरों के बारे में विस्तृत जानकारी भी ली। उपर दी गई तस्वीर में आप देख सकते हैं कि केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी सोनू मेहता से बातचीत कर रहे हैं।
इन दिग्गजों के फोटोग्राफ शामिल
प्रदर्शनी में 69 नामचीन फोटो जर्नलिस्ट शामिल हैं जिनमें कुछ नाम इस प्रकार हैं-
सोनू मेहता
रघु राय
दिलीप बनर्जी
सिप्रा दास
टी. नारायण
प्रशांत पंजियार
प्रमोद पुष्करणा
रेणुका पुरी
शोम बसु
सोनदीप शंकर
विपिन कुमार
प्रदर्शनी का विवरण
कार्यक्रम का नाम: द बिग पिक्चर 2025
स्थान: इंडिया इंटरनेशनल सेंटर (आईआईसी), नई दिल्ली
आयोजक: यह प्रदर्शनी ऑल इंडिया वर्किंग न्यूज कैमरामैन एसोसिएशन (डब्ल्यूएनसीए) के सहयोग से आयोजित की गई है।






