भारत के जीवन का ‘सर्वोत्तम समय’ आने वाला है: मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि भारत के जीवन का ”सर्वोत्तम समय” आने वाला है, इसलिए ऐसे समय में देश के विकास में योगदान देने के लिए सभी को कड़ी मेहनत करनी चाहिए।

प्रधानमंत्री ने ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं से यह आह्वान भी किया कि वे ”अमृत काल” को ”कर्तव्य काल” में परवर्तित करने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दें, तभी देश को तेजी से आगे ले जाया जा सकता है। भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के समापन सत्र को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि भाजपा अब केवल एक राजनीतिक आंदोलन नहीं है, बल्कि यह एक सामाजिक आंदोलन में रूपांतरित हो गया है।

प्रधानमंत्री के संबोधन की जानकारी मीडिया से साझा करते हुए महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने यह जानकारी दी। बकौल फडणवीस, मोदी ने कहा कि  भारत के जीवन का सर्वोत्तम काल आ रहा है और हम इसे सामने आते देख रहे हैं। ऐसे समय में हम लोग मेहनत में पीछे ना रहें। प्रयत्नों की पराकाष्ठा करें। अपने जीवन का क्षण-क्षण और अपने शरीर का कण-कण हम भारत की विकास गाथा में लगाएं। उल्लेखनीय है कि भारत की आजादी के 75 वर्ष से 100 वर्षों तक के सफर को प्रधानमंत्री अक्सर ‘अमृत काल’ कहते हैं।