पटना/नई दिल्ली। जनशक्ति जनता दल (जेजेडी) के अध्यक्ष तेज प्रताप यादव अपनी पार्टी के विस्तार और मजबूती के लिए बेहद सधी हुई चाल चल रहे हैं और सभी वर्गों के कमर्ठ एवं चुनिंदा लोगों को अपने साथ जोड़ रहे हैं। इसी कड़ी में तेज प्रताप यादव ने दिल्ली के वरिष्ठ पत्रकार पंकज कुमार को दिल्ली-एनसीआर का अपनी पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष मनोनित किया है। इससे देश की राजधानी में पार्टी को नई धार और विस्तार मिलने की उम्मीद है।
विधानसभा चुनाव भी लड़ने का ऐलान
इस अवसर पर पंकज कुमार ने कहा कि पार्टी द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारी का वे पूरी निष्ठा, लगन और ईमानदारी के साथ निर्वहन करेंगे तथा संगठन को राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में सतत प्रयास करेंगे। उन्होंने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा कि जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाना उनकी पहली जिम्मेदारी होगी। उन्होंने कहा कि पार्टी तेज प्रताप यादव जी के नेतृत्व में दिल्ली में आगामी MCD ( नगर निगम) और विधानसभा चुनाव लड़ेगी।

कौन हैं पंकज कुमार
उल्लेखनीय है कि पंकज कुमार सामाजिक कार्यकर्ता होने के साथ-साथ पत्रकारिता के क्षेत्र में भी सक्रिय रहे हैं और दिल्ली स्थित मीडिया रिसर्च एजेंसी रौनज मीडिया प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक हैं। साथ ही समाजिक संगठन पचफोरना विकास फोरम के राष्ट्रीय संयोजक व रौनियार वैश्य सभा, ( दिल्ली ) संगठन के समन्वयक भी हैं। सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों पर उनकी सक्रियता के कारण गांव और समाज में उनकी एक अलग पहचान बनी है।
राजनीति को करीब से देखा-समझा
देश की राजधानी में विभिन्न न्यूज चैनलों में अहम जिम्मेदारी संभाल चुके वरिष्ठ पत्रकार पंकज कुमार के लिए सीधे राजनीति में उतरना भले ही नया हो लेकिन राजनीति को उन्होंने बेहद करीब से देखा और समझा है। मीडिया सलाहकार के रूप में वह देश के कुछ चुनिंदा राजनेताओं के साथ काम कर चुके हैं जिससे राजनीति को उन्होंने बेहद करीब से देखा। वहीं अपनी रिसर्च कंपनी के जरिए विभिन्न राजनेताओं को चुनाव से जुड़े विश्लेषणात्मक तथ्य और रिपोर्ट मुहैया करा चुके हैं जिससे राजनीतिक समझ को धार मिली है।
गांव में जश्न का माहौल
बिहार के मधुबनी जिले के खुटौना प्रखंड अंतर्गत लौकहा निवासी हरि नारायण गुप्ता के पुत्र पंकज कुमार को जनशक्ति जनता दल (जेजेडी) द्वारा दिल्ली एनसीआर का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने उन्हें यह महत्वपूर्ण पदभार सौंपा है। पार्टी नेतृत्व के इस निर्णय से कार्यकर्ताओं और समर्थकों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। उनके मनोनयन पर वरिष्ठ पत्रकार और कई गणमान्य लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
क्या कहते हैं विश्लेषक
बिहार और दिल्ली की राजनीति को करीब से कवर करने वाले राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि तेज प्रताप यादव की राजनीतिक समझ को जितना हल्के में लिया जा रहा था और वह उसके ठीक उलट हैं। उनके छोटे भाई और राजद नेता एवं नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बिहार के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने के लिए ए टू जेड का नारा दिया था जिससे वह माय समीकरण यानी मुस्लिम और यादव के समीकरण से आगे बढ सकें। लेकिन हकीकत में तेज प्रताप यादव ने अपनी पार्टी के लिए ए टू जेड के नजरिये को धरातल पर उतार दिया है। विश्लेषकों का कहना है कि पंकज कुमार वैश्व बिरादरी से आते हैं जो राजद का कभी वोटर नहीं रहा बल्कि विरोधी रहा है। लेकिन तेज प्रताप ने वैश्व बिरादरी से आने वाले पंकज कुमार को दिल्ली-एनसीआर की जिम्मेदारी देकर भविष्य की राजनीति के संकेत दे दिए हैं।






