अलविदाः कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ऑस्कर फर्नांडिस का निधन, सोनिया गांधी के सबसे भरोसेमंद सिपहसलार कुच्चीपुड़ी डांस में भी थे माहिर

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री ऑस्कर फर्नांडिस का सोमवार को मंगलुरु के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। फर्नांडिस 80 साल के थे। इस साल जुलाई में अपने घर पर योगाभ्यास करते समय गिर जाने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मस्तिष्क में बने खून का थक्का हटाने के लिए उनकी सर्जरी भी की गई थी। इसके अलावा उन्हे नियमित अंतराल पर डायलसिस भी करानी पड़ रही थी। फर्नांडिस यूपीए 1 सरकार में पथ परिवहन राजमार्ग मंत्रालय के साथ श्रम कल्याण मंत्री की जिम्मदेरी भी संभाल चुके थे।

विरोधियों के भी दोस्त माने जाते थे फर्नांडिस

ऑस्कर फ़र्नांडिस देश के उन चुनिंदा राजनीतिक हस्तियों में शामिल थे जो पार्टी लाइन से आगे बढ़कर सही को सही और गलत को गलत कहने में नहीं हिचकते थे। इसके अलावा उन्होंने राजनीतिक विरोध को व्यक्गित रूप में कभी नहीं लिया।. उनकी यही खासियत राजनीतिक दुश्मनों को भी कायल कर देती थी। सभी दलों में उन्हें लोग पसंद करते थे। संसद में जब आर्युवेद पर विरोधी दल मोर्चा खोले हुए तब फर्नांडिस ने गोमुत्र के फायदे को गिनाकर सबको चौंका दिया था। आपको बता दें कि फर्नांडिस एक ट्रेंड कुच्चीपुड़ी डांसर भी थे। फ़र्नांडिस के निधन पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, कांग्रेस नेता राहुल गांधी, वीरप्पा मोइली और केसी वणुगोपाल समेत कई दिग्गजों ने शोक व्यक्त किया है।