पटना/बेगूसराय। बिहार भाजपा के अध्यक्ष संजय सरावगी (Bihar BJP President Sanjay Saraogi) रविवार को अपने प्रवास कार्यक्रम में बेगूसराय पहुंचे। यहां पहुंचने के बाद उनका कार्यकर्ताओं द्वारा जोरदार स्वागत किया गया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी देश (Prime Minister Narendra Modi) को परम वैभव पर पहुंचाने में लगे हैं
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सरावगी आज बेगूसराय के सिंघौल में आयोजित अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पुरातन कार्यकर्ता समागम सह अभिनंदन समारोह में शामिल हुए। समारोह में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने संगठन में अपने अग्रजों को याद करते हुए कहा कि आज मैं जो कुछ भी हूँ, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का बड़ा योगदान है।
उन्होंने कहा कि आज हमें गर्व है कि एबीवीपी में प्रशिक्षण लिया, काम किया, काम करने की पद्धति जानी और काम करने के बाद भाजपा के लिए कार्य कर रहा हूँ। भाजपा अगर आज बिहार में यहां खड़ी है तो एबीवीपी का सबसे बड़ा योगदान है। एबीवीपी जो कहता था, वह पूरा देश कहता था, आज भी हमें वह याद है।
उन्होंने कहा कि एबीवीपी ने जम्मू कश्मीर से धारा 370 हटाने का जो सपना देखा था, वह भाजपा की सरकार आते ही पीएम नरेंद्र मोदी ने पूरा किया। अयोध्या में भगवान श्री राम का भव्य मंदिर बन गया, तो अब पुनौरा धाम में भव्य माता जानकी के मंदिर बनने का कार्य शुरू हो गया है।
भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने जंगलराज के दौरान छात्रों पर लाठी चार्ज करने की घटना को याद करते हुए कहा कि जंगलराज में आंदोलन करने वालों पर जो लाठियां चलाई गई थीं, वह राजद का आज बिहार से सूपड़ा साफ हो गया।
उन्होंने कहा, “आपने जिस विचारधारा को खड़ा करने के लिए अपने जीवन का बहुमूल्य समय दिया था, वह विचारधारा आज वट वृक्ष के रूप में विशाल होते देखा जा रहा है। आज हम आर्थिक शक्ति हो या सैन्य शक्ति, हम अंग्रेजों से आगे हैं। आज भारत माता परम वैभव का जो हम लोगों ने सपना देखा था, वह पूरा करने का काम किया जा रहा है। पीएम मोदी देश को परम वैभव पर पहुंचाने में लगे हैं।”
भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी इसके बाद बेगूसराय के प्रेक्षागृह पहुंचे, जहां उन्होंने भाजपा कार्यकर्ता सम्मान सम्मेलन में सहभागिता की। यहां उन्होंने कार्यकर्ताओं का हृदय से अभिनंदन करते हुए कहा कि संगठन की असली ताकत समर्पित कार्यकर्ता हैं। विधानसभा चुनाव में एनडीए को मिला प्रचंड बहुमत उन कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम, अनुशासन, समर्पण और जनता के विश्वास का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि हम सब मिलकर इस जनादेश को विकास, सुशासन और सेवा में परिवर्तित करें। भाजपा की राजनीति ही लोगों की सेवा रही है। उन्होंने लोगों को भरोसा देते हुए कहा कि केंद्र और प्रदेश की डबल इंजन की सरकार में बिहार विकास की नई बुलंदियों पर पहुंचेगा।

इस सम्मेलन में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, विधायक कुंदन कुमार, प्रदेश महामंत्री लाजवंती झा और प्रदेश प्रवक्ता नीरज कुमार सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इससे पहले भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी एक खुले वाहन पर सवार होकर प्रेक्षागृह तक पहुंचे। सड़कों पर कार्यकर्ताओं के साथ आम लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। लोगों ने प्रदेश अध्यक्ष का जोरदार स्वागत किया।
इससे पहले राष्ट्रकवि रामधारी सिंह ‘दिनकर’ जी की पुण्यभूमि बेगूसराय पहुँचने पर सिमरिया दिनकर चौराहा पर भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव वर्मा, विधायक रजनीश कुमार सिंह सहित पार्टी के प्रमुख कार्यकर्ताओं ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत-अभिनंदन किया गया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी यहां जीरोमाइल चौक स्थित राष्ट्रकवि की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने कहा कि बेगूसराय के कण-कण में राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर का राष्ट्रप्रेम और उनके आदर्श जीवंत हैं, जो हमें निरंतर प्रेरणा प्रदान करती हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अपने प्रवास कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ता के घर विश्राम करेंगे और भोजन ग्रहण करेंगे। सोमवार की सुबह वे यहां बेगूसराय में माँ काली मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे।






