प्रधानमंत्री मोदी ने किया विभागों का बंटवारा, राजनाथ रक्षा, शाह गृह और गडकरी सड़क परिवहन मंत्री बने रहेंगे, जानए किसे क्या मिला

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को सभी मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा कर दिया। मोदी ने अपनी नई कैबिनेट में राजनाथ सिंह को रक्षा मंत्री, अमित शाह को गृह मंत्री, नितिन गडकरी को सड़क परिवहन मंत्री के पद पर बरकरार रखा है। वहींं निर्मला सीतारमण को वित्त मंत्री और एस जयशंकर को विदेश मंत्री के पद पर कायम रखा है। इस तरह शीर्ष चार मंत्रालयों के मंत्रियों के विभाग में कोई बदलाव नहीं किया गया है। पीयूष गोयल वाणिज्य और उद्योग मंत्री बने रहेंगे।

शिवराज सिंह चौहान और खट्टर को भी बड़ी जिम्मेदारी

केंद्रीय कैबिनेट में शामिल किए गए नए मंत्रियों में मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को कृषि और किसान कल्याण एवं ग्रामीण विकास विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा को स्वास्थ्य के साथ ही रसायन व उर्वरक विभाग दिया गया है। नड्डा भाजपा अध्यक्ष बनने के पहले स्वास्थ्य मंत्री रह चुके हैं। इसके अलावा हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर को ऊर्जा विभाग दिया गया है। जबकि धर्मेंद्र प्रधान को पहले की तरह शिक्षा मंत्री की जिम्मेदारी दी गई है।

जानिए बिहार के सांसदों को मिला कौन सा मंत्रालय

जद (यू) के वरिष्ठ नेता राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह को पंचायती राज और मत्स्यपालन, पशुपालन एवं दुग्ध मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गई है। भाजपा के दिग्गज नेता गिरिराज सिंह को कपड़ा मंत्रालय दिया गया है। जबकि लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान को खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री बनाया गया है। जबकि हम के प्रमुख और बिहार के पूर्व सीएम जीतन राम मांझी को सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योग यानी एमएसएमई मंत्रालय सौपा गया है। केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बेहद करीबी माने जाने वाले नृत्यानंद राय को पहले की तरह गृह राज्य मंत्री की जिम्मेदारी दी गई है।