पटना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के सशक्त, निर्णायक और राष्ट्रहित सर्वोपरि नेतृत्व में भारत का जापान को पीछे छोड़कर विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनना उन सभी निराशावादी ताकतों के मुँह पर करारा तमाचा है, जो वर्षों से भारत की क्षमता पर सवाल उठाते रहे हैं।यह उपलब्धि संयोग नहीं, बल्कि मजबूत नेतृत्व, स्पष्ट नीति, कठोर निर्णय और ईमानदार नीयत का परिणाम है। जिन लोगों ने दशकों तक देश को नीति-पंगुता, घोटालों और भ्रष्टाचार में झोंके रखा, वे आज भारत की तेज़ आर्थिक उड़ान देखकर बौखलाए हुए हैं। विपक्ष को न देश की प्रगति दिखती है, न वैश्विक सम्मान—उन्हें केवल नकारात्मक राजनीति सूझती है।प्रेम रंजन पटेल, प्रदेश प्रवक्ता भाजपा ने यह बात कही।
पटेल ने कहा कि मोदी सरकार ने अर्थव्यवस्था को फाइलों और भाषणों से निकालकर कारखानों, खेतों, स्टार्टअप्स, एक्सप्रेसवे, बंदरगाहों और डिजिटल प्लेटफॉर्म तक पहुँचाया है। ‘मेक इन इंडिया’ से लेकर ‘आत्मनिर्भर भारत’ तक, हर नीति का केंद्र देश का स्वाभिमान और नागरिकों का भविष्य रहा है।आज विश्व भारत की ओर उम्मीद से देख रहा है, जबकि विपक्ष अब भी 20वीं सदी की विफल सोच में अटका है। जो लोग कहते थे कि भारत कुछ नहीं कर सकता, वही आज सवाल बदल रहे हैं—क्योंकि तथ्य उनके झूठ को बेनकाब कर चुके हैं।नया साल भारत के लिए और भी बड़ी उपलब्धियाँ लेकर आएगा। मौजूदा गति, आर्थिक सुधारों और राजनीतिक स्थिरता को देखते हुए यह तय है कि 2030 से पहले भारत विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा। इसे कोई रोक नहीं सकता, न भ्रम फैलाकर, न अफवाहों से, न विदेशी एजेंडा चलाकर।यह नया भारत है, जो झुकता नहीं, जो रुकता नहीं, और जो अब विश्व को दिशा दिखाने के लिए आगे बढ़ चुका है।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत का आर्थिक उत्कर्ष जारी रहेगा और विरोधियों की हताशा और तेज़ होती जाएगी। _






