नोएडा: चार मूर्ति गोल चक्कर के पास पुलिस मुठभेड़ में लुटेरा घायल, राहगीरों से लूटता था चेन

उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा वेस्ट से एक बड़ी खबर है। चार मूर्ति गोल चक्कर (गौड़ चौक) के पास गुरुवार रात बिसरख पुलिस और बाइक सवार बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पैर में गोली लगने से लुटेरा घायल हो गया। पुलिस ने उसको गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से बाइक, चोरी की दो चेन और एक तमंचा बरामद किया गया है। पुलिस ने बताया कि वह बाइक पर सवार होकर राहगीरों से चेन लूटता था। 

पुलिस ने रोका तो कर दी फायरिंग

एडीसीपी सेंट्रल नोएडा हृदेश कठेरिया ने जानकारी देते हुए बताया कि बिसरख पुलिस की टीम गुरुवार की रात लोटस वैली स्कूल के पास वाहनों चेकिंग की जा रही थी, तभी एक बुलेट बाइक सवार आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन वह बाइक घुमाकर चार मूर्ति गोल चक्कर की ओर भागने लगा। पुलिस टीम के पीछा करने पर बदमाश ने फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में बदमाश के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। घायल बदमाश की पहचान रवि निवासी ग्राम डोमा टिकरी, थाना धौलाना, जिला हापुड़ के रूप में हुई। वह फिलहाल गाजियाबाद के विजय नगर में रह रहा था।

ऑटो रिक्शा में बैठकर सवारियों के बैग से करता था चोरी

पुलिस पूछताछ में बदमाश ने बताया कि वह ऑटो रिक्शा में बैठकर सवारियों के बैग से गहने और कीमती सामान चोरी करता था। इसके अलावा वह बुलेट बाइक से चेन स्नेचिंग भी करता था। बदमाश ने गुरुवार की शाम को भई ऑटो में सवार एक महिला सवारी के बैग से उसने चेन चुराई थी।