नीतीश कुमार रिकॉर्ड नौवीं बार बने बिहार के मुख्यमंत्री, सम्राट चौधरी बने पहली बार डिप्टी सीएम

जनता दल यूनाइटेड (जद यू) के अध्यक्ष नीतीश कुमार ने रिकॉर्ड नौवीं बार बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में रविवार को शपथ ली। राजभवन में राज्यपाल राजेंद्र आर्लेकर ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलायी।

नीतीश कुमार के साथ भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के नेताओं सम्राट चौधरी,विजय कुमार सिन्हा और प्रेम कुमार ने भी मंत्रिपद की शपथ ली। वहीं जद(यू) के नेता विजय कुमार चौधरी, विजेंद्र यादव और श्रवण कुमार के साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी की अगुवाई वाले हिंदुस्तान आवाम मोर्चा (हम) के संतोष कुमार सुमन और निर्दलीय विधायक सुमित सिंह ने भी मंत्री पद की शपथ ली।

मंत्रिपरिषद का विस्तार जल्द

सूत्रों के मुताबिक मंत्रिपरिषद के अन्य सदस्यों पर एक या दो दिन में निर्णय लिया जाएगा। इसके पहले नीतीश कुमार ने दिन में यह कहते हुए मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था कि बिहार में सत्तारूढ़ महागठबंधन और विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन में उनके लिए ‘चीजें ठीक नहीं चल रही हैं।’ इसी के साथ उन्होंने भाजपा के सहयोग से नयी सरकार बनाने का दावा भी पेश किया था। लगभग डेढ़ साल पहले उन्होंने भाजपा से नाता तोड़ लिया था। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे. पी. नड्डा और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता भी शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए।

मुख्यमंत्री के रूप में ऐसा रहा है नीतीश कुमार का सफर

जद (यू) के प्रमुख नीतीश कुमार ने 2000 में राज्य के मुख्यमंत्री पद की पहली बार शपथ ली थी, लेकिन उनकी सरकार एक सप्ताह के भीतर ही गिर गयी थी। उन्होंने मई 2014 में मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था, लेकिन आठ महीने बाद ही जीतन राम मांझी को हटाकर उन्होंने नवंबर 2015 में मुख्यमंत्री के रूप में वापसी की। उस समय जद(यू), राजद और कांग्रेस गठबंधन ने विधानसभा चुनावों में जीत हासिल की थी। उन्होंने 2017 में भाजपा के साथ नयी सरकार बनाने के लिए इस्तीफा दे दिया था। वह 2020 के विधानसभा चुनाव में फिर मुख्यमंत्री बने। इस चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने जीत हासिल की थी।