अच्छा तो हम चलते हैं….नहीं रहे नेताजी मुलायम सिंह यादव, देश में शोक की लहर

नेताजी के नाम से चर्चित समाजवादी पार्टी (सपा) संस्थापक और पूर्व रक्षा मंत्री मुलायम सिंह यादव का सोमवार को निधन हो गया। वह 82 वर्ष के थे। उन्होंने गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में आखिरी सांस ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत अनेक नेताओं ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है।

सपा के आधिकारिक हैंडल से किए गए ट्वीट में सपा अध्यक्ष और मुलायम सिंह यादव के पुत्र अखिलेश यादव ने कहा, मेरे आदरणीय पिता जी और सबके नेता जी नहीं रहे। उल्ले्खनीय है कि मुलायम सिंह यादव अगस्त से अस्पताल में भर्ती थे और उन्हें दो अक्टूबर को निम्न रक्तचाप और ऑक्सीजन की कमी की शिकायत पर अस्पताल के आईसीयू में स्थानांतरित कर दिया गया था और तब से वह जीवन रक्षक दवाओं पर थे।

राष्ट्रपति ने धरतपुत्र कहा

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी ट्वीट कर यादव के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा, ”श्री मुलायम सिंह यादव का निधन देश के लिए अपूरणीय क्षति है। साधारण परिवेश से आए मुलायम सिंह यादव जी की उपलब्धियां असाधारण थीं। ‘धरती पुत्र’ मुलायम जी जमीन से जुड़े दिग्गज नेता थे। उनका सम्मान सभी दलों के लोग करते थे। उनके परिवार-जन व समर्थकों के प्रति मेरी गहन शोक-संवेदनाएं।”

प्रधानमंत्री ने कही यह बात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सपा संस्थापक के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए एक ट्वीट में कहा, ”अपने-अपने राज्यों के मुख्यमंत्री रहते हुए मेरा मुलायम सिंह यादव जी से कई बार संवाद हुआ। यह करीबी रिश्ता जारी रहा और मैं हमेशा उनके विचारों को सुनने के लिए उत्सुक रहता था। उनके निधन से मुझे पीड़ा हुई है। उनके परिवार और लाखों समर्थकों के प्रति मेरी संवेदना है। ओम शांति।”

राजनीतिक विरोध से व्यक्तिगत संबंध पर असर नहीं: राजनाथ

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी ट्वीट में मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने ट्वीट में कहा, ”श्री मुलायम सिंह यादव जी जमीन से जुड़े एक ऐसे नेता थे जिन्होंने कई दशकों तक उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक प्रमुख भूमिका निभाई। अपने लम्बे सार्वजनिक जीवन में उन्होंने अनेक पदों पर काम किया और देश, समाज एवं प्रदेश के विकास में अपना योगदान दिया। उनका निधन बेहद पीड़ादायक है।” उन्होंने एक अन्य ट्वीट में कहा, ”राजनीति में विरोधी होने के बावजूद मुलायम सिंह जी के सभी से अच्छे संबंध थे।

शाह ने अस्पताल जाकर श्रद्धांजलि दी

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल जाकर मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि अर्पित की। यादव को उन्होंने अद्वितीय राजनीतिक कौशल का धनी बताया और कहा कि आपातकाल के दौर में उन्होंने लोकतंत्र की पुनर्स्थापना के लिए बुलंद आवाज उठाई। शाह ने मुलायम सिंह के बेटे अखिलेश यादव सहित उनके परिवार के अन्य सदस्यों से मुलाकात की। एक ट्वीट में उन्होंने कहा कि ‘मुलायम सिंह यादव के निधन से उत्तर प्रदेश व राष्ट्रीय राजनीति में एक बड़ा खालीपन आया है। वह सदैव एक जमीन से जुड़े जननेता के रूप में याद किए जाएंगे। उनका निधन भारतीय राजनीति के एक युग का अंत है।

एक संघर्षशील युग का अंत: योगी आदित्यनाथ

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मुलायम सिंह यादव के निधन से समाजवाद के एक प्रमुख स्तंभ और एक संघर्षशील युग का अंत हो गया। वह संघर्षों से तपे बढ़े और प्रदेश की राजनीति में पांच दशक तक केंद्र बिंदु बने रहे। उन्होंने लंबे समय तक देश और राज्य की राजनीति में एक महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन किया।