पटना। भारतीय जनता पार्टी (bjp) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन (NitinNaveen) पदभार ग्रहण करने के पश्चात पहली बार दो दिवसीय प्रवास पर आज बिहार पहुंचे। पटना एयरपोर्ट पहुँचने पर नवीन का भाजपा कार्यकर्ताओं एवं प्रदेश पार्टी पदाधिकारियों ने भव्य स्वागत किया। कार्यकर्ताओं के अपार स्नेह, जोश और विश्वास और नारों से पूरा वातावरण गुंजायमान हो गया।
रविशंकर प्रसाद ने गाल पर थपकी दे जताया प्यार

पटना एयरपोर्ट से अभिनंदन समारोह स्थल मिलर हाईस्कूल ग्राउंड तक माननीय राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जी का भव्य रोड शो हुआ। रोड शो में नवीन के साथ बिहार के नवनियुक्त प्रदेश भाजपा अध्यक्ष श्री संजय सरावगी (Bihar BJP President Sanjay Sarawagi) , उप-मुख्यमंत्री (Deputy Chief Minister) सम्राट चौधरी (Samrat chaudhary) और श्री विजय सिन्हा भी (Vijay Kumar Sinha) गाड़ी में उपस्थित थे। रोड शो के दौरान सड़क के दोनों ओर पार्टी कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय जनता की भारी भीड़ थी। भारत माता की जय, नरेन्द्र मोदी जिंदाबाद, नितिन नवीन जिंदाबाद के नारों से पूरा आसमान गुंजायमान हो रहा था। पूरा पटना भाजपा के झंडे से पट गई थी। पूर्व अध्यक्ष संजय जायसवाल (sanjay jaiswal), पूर्व अध्यक्ष नंद किशोर यादव (Nand kishor yadav), पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद रविशंकर प्रसाद (Ravishankar prasad) सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने एयरपोर्ट पर नितिन नवीन का स्वागत किया। वह पल बड़ा भावुक था जब रविशंकर प्रसाद ने गाल पर थपकी देकर अपने राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष को बधाई दी।
हनुमान मंदिर में लिया आशीर्वाद

श्री नवीन ने पटना पहुँचने के बाद सबसे पहले राजवंशी नगर स्थित प्रसिद्ध हनुमान मंदिर पहुंचकर दर्शन एवं पूजा-अर्चना की। इसके पश्चात उन्होंने बेली रोड स्थित भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की व आयकर गोलंबर के पास लोकनायक जयप्रकाश नारायण की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके उपरांत अभिनंदन समारोह स्थल पहुंचकर भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। कार्यक्रम में पार्टी कार्यकर्ताओं एवं जनता की भारी भीड़ रही।
भाजपा में कोई भी ईमानदार कार्यकर्ता शीर्ष पर पहुंच सकता है
अपने सम्मान में भव्य स्वागत समारोह आयोजित करने के लिए माननीय कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष ने प्रदेश भाजपा नेतृत्व एवं भाजपा कार्यकर्ताओं का हृदयतल से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी में कोई भी कार्यकर्ता यदि ईमानदारी और परिश्रम से कार्य करता रहे तो वह शीर्ष तक पहुँच सकता है। भारतीय जनता पार्टी के एक-एक कार्यकर्ता में इतनी क्षमता है कि वो किसी भी स्तर पर कार्य को पूरी जिम्मेदारी के साथ कर सकता है। बिहार की जनता ने भारतीय जनता पार्टी को प्रचंड जीत देकर आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी (prime minister narendra modiऔर मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार (Chief Minister Nitish Kumar ) पर विश्वास जताया है।






