पटना और लखनऊ से डेंटल की पढ़ाई करने वाले माणिक साहा बने त्रिपुरा के मुख्यमंत्री

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सदस्य माणिक साहा ने रविवार सुबह त्रिपुरा के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। राज्यपाल एसएन आर्य ने यहां राजभवन में उन्हें नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ दिलाई। साहा का उत्तर प्रदेश और बिहार से भी नाता है। उन्होंने पटना और लखनऊ से डेंटल की पढ़ाई की है। समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब भाजपा विधायकों और मंत्रियों के साथ उपस्थित थे। देब के शनिवार शाम मुख्यमंत्री पद से अचानक इस्तीफा देने के बाद साहा ने उनका स्थान लिया है।

शपथ लेने के बाद कही यह बात

आपको बता दें कि उपमुख्यमंत्री जिष्णु देव वर्मा और मंत्री राम प्रसाद पॉल ने शनिवार को भाजपा विधायक दल की बैठक के दौरान मुख्यमंत्री के रूप में साहा की नियुक्ति का विरोध किया था। दोनों शपथ ग्रहण समारोह समाप्त होने के कुछ समय बाद राजभवन पहुंचे।  शपथ समारोह के बाद साहा ने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास के एजेंडे को आगे बढ़ाते हुए त्रिपुरा के लोगों के लिए काम करूंगा। कानून-व्यवस्था की स्थिति पर ध्यान दूंगा।

बैडमिंटन और क्रिकेट के साथ राजनीति के भी माहिर खिलाड़ी

पटना के डेंटल कॉलेज से स्नातक लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल कॉलेज से पीजी करने वाले साहा साल 2016 में भाजपा में शामिल होने से पहले विपक्षी दल कांग्रेस के सदस्य थे। वह 2020 में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बने। बैडमिंटन खिलाड़ी रह चुके साहा त्रिपुरा क्रिकेट संगठन के अध्यक्ष भी हैं। भाजपा में उनका कद उनकी स्वच्छ छवि और बेहतरीन ट्रैक रिकॉर्ड के कारण बढ़ा है, जिसमें नवंबर 2021 में हुए चुनावों में सभी 13 नगर निगमों में भाजपा को जीत दिलाना शामिल है।