पूर्व केंद्रीय मंत्री जसवंत सिंह के बेटे मानवेंद्र सिंह की कार का एक्सीडेंट; पत्नी चित्रा सिंह की मौत, बेटा समेत 3 अन्य घायल

भाजपा के दिग्गज नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री जसवंत सिंह के पुत्र और कांग्रेस नेता मानवेंद्र सिंह की कार का एक्सीडेंट हो गया है। इस हादसे में मानवेंद्र सिंह की पत्नी चित्रा सिंह की मौत हो गई.। वहीं मानवेंद्र सिंह और उनके बेटे सहित 3 अन्य लोग घायल हो गए हैं।

मानवेंद्र सिंह खुद चला रहे थे कार

जानकारी के अनुसार अलवर जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर खूशपुरी के पास यह हादसा हुआ है। मानवेंद्र सिंह अपने परिजनों के साथ दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे से गुजर रहे थे उसी दौरान यह हादसा हुआ। घायलों को पहले नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया गया था जिन्हें बाद मेंं बेहतर इलाज के लिए अलवर रेफर कर दिया गया। मिली जानकारी के अनुसार कार मानवेंद्र सिंह खुद चला रहे थे जबकि पत्नी चित्रा सिंह उनके बगल की सीट पर बैठीं थी। वहीं उनके बेटे हमीर सिंह और ड्राइवर पिछली सीट पर बैठे थे।

कौन हैं मानवेंद्र सिंह

मानवेंद्र सिंह पूर्व केंद्रीय मंत्री जसवंत सिंह के बेटे हैं। जसवंत सिंह अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली एनडीए की सरकार में वित्त, विदेश और रक्षा मंत्री रहे थे। वहीं मानवेंद्र सिंह पहले बीजेपी सांसद और विधायक रह चुके हैं। उन्होंने 2018 में कांग्रेस ज्वाइन कर लिया था।