फिल्मफेयर अवॉर्ड: रणबीर कपूर, आलिया भट्ट को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता-अभिनेत्री का खिताब

69वें फिल्मफेयर अवार्ड्स समारोह में रणबीर कपूर को फिल्म ‘एनिमल’ के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता और आलिया भट्ट को ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के खिताब से नवाजा गया।

गुजरात पर्यटन के साथ आयोजित 69वें ह्युंडई फिल्मफेयर अवार्ड्स 2024 का आयोजन गिफ्ट सिटी, गुजरात में किया गया। पुरस्कार समारोह की मेजबानी करण जौहर, आयुष्मान खुराना और मनीष पॉल ने की।इस साल सर्वश्रेष्ठ फिल्म और निर्देशक के खिताब के लिए विधु विनोद चोपड़ा की ‘ट्वेल्थ फेल’ को चुना गया है।

अभिनेता विक्की कौशल को शाहरुख खान की ‘डंकी’ में अभिनय के लिए सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता का खिताब मिला। वहीं ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ में अभिनय के लिए शबाना आजमी को सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री के फिल्मफेयर सम्मान से नवाजा गया। करण जौहर निर्देशित इस फिल्म को सर्वश्रेष्ठ संवाद और ‘झुमका गिरा रे’ गाने के लिए सर्वश्रेष्ठ नृत्य-निर्देशन का सम्मान भी मिला। ‘एनिमल’ ने सर्वश्रेष्ठ संगीत एलबम, पार्श्व संगीत का अवार्ड अपने नाम किया वहीं फिल्म के गीत ‘अर्जन वैली’ के लिए सर्वश्रेष्ठ गायक का सम्मान भूपेंद्र बब्बल के नाम रहा।