बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया देश के सबसे बड़े रबर डैम का लोकार्पण, पिंडदान करने आने वाले लोगों की परेशानी हो जाएगी कम

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गया के फल्गु नदी पर बने देश के सबसे बड़े रबर डैम का गुरुवार को लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने इसका नाम ‘गयाजी डैम’ रखा है। इसके बनने से अब फल्गु नदी में विष्णुपद घाट के पास सालों भर कम से कम दो फीट पानी उपलब्ध रहेगा। इससे यहां पिंडदान करने आने वाले श्रद्धालुओं को तर्पण के लिए हमेशा पानी मिलेगा। लोकार्पण के मौके पर उप मुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव भी मौजूद रहे। जल संसाधन विभाग ने 334 करोड़ की लागत 411 मीटर लंबे डैम का निर्माण कराया है।

गया में जल्द घर-घर पहुंचेगा गंगाजल

मुख्यमंत्री ने विष्णुपद घाट पर बने मंच से कहा कि अब जल्द ही गया में गंगाजल पहुंचाने की योजना का काम पूरा कर लिया जाएगा। गंगा का जल लोगों के घर-घर तक पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि पितृपक्ष के दौरान 15 दिन में यहां छह से आठ लाख श्रद्धालु आते हैं। लेकिन नदी में पानी नहीं रहने के कारण उन्हें परेशानी होती थी। अब यहां सालों भर पानी रहेगा। यह देश का सबसे बड़ा रबर डैम है। इसके निर्माण में आईआईटी रुड़की की मदद ली गई। डैम के साथ पुल भी बनाया गया है, जिससे लोग पैदल विष्णुपद से सीताकुंड तक आसानी से जा सकेंगे।

नीतीश कुमार ने किया ऐतिहासिक कामः तेजस्वी

उप मुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव ने मंच से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विजन को सलाम करते हुए कही कि कि कौन कल्पना कर सकता था कि फल्गु में इस तरह पानी रहेगा। यह ऐतिहासिक कार्य है। पितृपक्ष में जब लोग आएंगे और इस दृश्य को देखेंगे तो हमारा सीना चौड़ा होगा। अब नई सरकार बनी है। हम कोई भी कमी दूर करने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। इस मौके पर जल संसाधन और सूचना जन संपर्क मंत्री संजय कुमार झा, वित्त, वाणिज्य कर एवं संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, पर्यटन मंत्री कुमार सर्वजीत, राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री आलोक कुमार मेहता, पूर्व सीएम जीतन राम मांझी के अलावा विधायक, विधान पार्षद व कई अधिकारी-नेता मौजूद रहे।