हुंकार: नितिन नवीन की बिहार की धरती से ललकार, आने वाले समय में पूरे देश में भगवा लहराएगा

पटना। भारतीय जनता पार्टी (bjp) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन (‌‌Bjp National Executive President Nitin Naveen) पदभार ग्रहण करने के बाद पहली बार दो दिवसीय प्रवास पर मंगलवार को बिहार पहुंचे। पटना एयरपोर्ट पहुँचने पर नवीन का भाजपा कार्यकर्ताओं एवं प्रदेश पार्टी पदाधिकारियों ने भव्य स्वागत किया। मिलर हाई स्कूल में आयोजित अपने अभिनंदन समारोह में नितिन नवीन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi), मुख्यमंत्री नीतिश कुमार ( Chief Minister Nitish kumar) और गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह (Home Minister Amit Shah) को लेकर बड़ी बात कही।

पश्चिम बंगाल और केरल में भगवा जल्द

अपने सम्मान में भव्य स्वागत समारोह आयोजित करने के लिए माननीय कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष ने प्रदेश भाजपा नेतृत्व एवं भाजपा कार्यकर्ताओं का हृदयतल से आभार व्यक्त किया। साथ ही कहा कि बिहार की जनता ने भारतीय जनता पार्टी को प्रचंड जीत देकर आदरणीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार पर विश्वास जताया है। आज आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के करिश्माई नेतृत्व में पूरा देश आगे बढ़ रहा है। हाल ही में महाराष्ट्र, अरुणाचल और गोवा में हुए स्थानीय निकाय के चुनावों में भी भाजपा का परचम लहराया है, यह बिहार विजय के बाद की शुरुआत है और आगे जनता का आशीर्वाद हमें पश्चिम बंगाल व केरल में भी मिलेगा। आने वाले समय में पूरे देश में भगवा लहराएगा।

प्रधानमंत्री का संदेश याद दिलाया

नवीन ने कहा कि माननीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह जी का यह स्पष्ट संकल्प है कि जब पंचायत से लेकर पार्लियामेंट तक भगवा फहराएगा तभी भारतीय जनता पार्टी का स्वर्णिम युग आएगा, क्योंकि आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का सपना है कि देश को एक लाख से अधिक युवा नेतृत्व मिले और यह नेतृत्व तभी तैयार होगा जब पंचायत से पार्लियामेंट तक पार्टी के कार्यकर्ता आगे बढ़ेंगे।