Bihar Election 2025: पटना। भाजपा ने माउंटेन मैन के नाम से पहचाने जाने वाले दशरथ मांझी के बेटे को महागठबंधन से आश्वासन के बावजूद टिकट नहीं मिलने पर इसे दलितों का अपमान बताया है। बुधवार को मीडिया सेंटर में बात करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गुरुप्रकाश पासवान ने महागठबंदन पर तीखा हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस-राजद दलितों का अपमान कर रही है।
राजद-कांग्रेस ने दशरथ मांझी का अपमान किया
गुरुप्रकाश ने कहा कि दशरथ मांझी की पहचान केवल बिहार तक सीमित नहीं है बल्कि दुनियाभर में उनकी अलग पहचान है। ऐसे में उनके बेटे को टिकट देने का वादा करके अंधेरे में रखा गया और अंतत: टिकट नहीं देकर पूरे दलित समाज का अपमान महागठबंधन ने किया।
कांग्रेस अध्यक्ष का अपमान पूरे दलित समाज का अपमान
गुरुप्रकाश यहीं नहीं रुके। उन्होंने कहा कि बिहार कांग्रेस के अध्यक्ष राजेश राम दलित हैं इसीलिए राजद महागठबंधन में होते हुए भी उनका अपमान कर रही है। कहा कि राजेश राम का अपमान केवल व्यक्ति विशेष का अपमान नहीं है बल्कि यह दलितों का अपमान है।
राजद ने समाजवादियों को भी कहां का नहीं छोड़ा
भाजपा प्रवक्ता ने महागठबंधन पर हमला करते हुए कहा कि राजद खुद को समाजवादी विचारधारा वाली पार्टी बताती है लेकिन कट्टर समाजवादियों को भी किनारे लगाने या उनका अपमान करने से बाज नहीं आती है। उन्होंने शरद यादव के बेटे को टिकट नहीं दिए जने के बाद उनकी पत्नी द्वारा दुख व्यक्त करने पर यह बात कही। वहीं कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि ये लोग राजनीतिक पर्यटक बनकर बिहार आते हैं और फिर चले जाते हैं और वास्तविकता यह है कि बिहार के विकास से इनका कोई लेना देना हैे।






