संजय सरावगी ने बिहार प्रदेश भाजपा अध्यक्ष का संभाला कार्यभार, जानिए किसे बताया युवा नेताओं का शिल्पकार

पटना। बिहार प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (Bihar BJP) के नव नियुक्त प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी (Sanjay saraogi) ने गुरुवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष का कार्यभार संभाल लिया। उन्होंने इस दायित्व के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) , केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Home Minister Amit Shah) , राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा (Jagat Prakash Nadda) और राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन (Nitin Nabeen) का आभार जताते हुए कहा कि उन्होंने जो विश्वास कर दायित्व सौंपा है उसपर वे खरा उतरेंगे। इस मौके पर उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी (Samrat Chaudhary) और विजय सिन्हा ( Vijay Sinha ) और निर्वतमान अध्यक्ष दिलीप जायसवाल (Dilip Jaiswal) सरावगी को शुभकामनाएं दीं।

संगठन ही शक्ति और विचारधारा ही हमारे प्राण

इस मौके पर भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित दायित्व ग्रहण समारोह सह अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा में संगठन सर्वोपरि है, संगठन ही शक्ति है और विचारधारा ही हमारे प्राण हैं। उन्होंने कहा की कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ हैं।

उन्होंने लोगों को भरोसा देते हुए कहा कि मेरी शिक्षा की शुरुआत ही संघ की पाठशाला से हुई है और मेरी अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से ही ‘मैं ‘ से ‘हम ‘ की यात्रा प्रारंभ हुई। उन्होंने यह भी कहा कि संगठन को मजबूत करते हुए वे आगे काम करेंगे। उन्होंने लोगों को आश्वस्त किया कि कार्यकर्ताओं के सहयोग और मार्गदर्शक मंडल के मार्गदर्शन से आगे बढूंगा।

वरिष्ठ नेताओं को बताया शिल्पकार

भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने वरिष्ठ नेताओं और पूर्व अध्यक्षों की चर्चा करते हुए कहा कि वरिष्ठ नेताओं जैसे शिल्पकारों ने उन्हें रचा है और इतनी बड़ी जिम्मेदारी दी है। उन्होंने इस दायित्व के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा और राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन का आभार जताते हुए कहा कि उन्होंने जो विश्वास कर दायित्व सौंपा है उसपर वे खरा उतरेंगे।

स्वागत में उमड़ा कार्यकर्ताओं का सैलाब

संजय सरावगी आज अपने विधानसभा क्षेत्र दरभंगा से पटना पहुंचे।। पटना पहुंचने पर उनका जोरदार स्वागत किया गया। इसके बाद कार्यालय पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत किया गया। महिला मोर्चा के सदस्यों ने शंख ध्वनि से उनका स्वागत किया। इस मौके पर आयोजित अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए संजय सरवागी ने कहा कि आज मैं पदभार ग्रहण कर रहा हूं। उन्होंने साफ लहजे में कहा कि यह पद नहीं मुझे जिम्मेदारी मिली है और मैं भरोसा देता हूँ मैं रात दिन मेहनत कर इस जिम्मेदारी को निभाने की कोशिश करूंगा। वे संगठन की विचारधारा को और मजबूत करने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।

उन्होंने आशा जताते हुए कहा कि बिहार के वरिष्ठ नेताओं की टीम का सहयोग मिलता रहेगा और राष्ट्रीय नेतृत्व का भी मार्गदर्शन मिलता रहेगा। उन्होंने साफ लहजे में कार्यकर्ताओं को भरोसा देते हुए कहा कि कोई भी कार्यकर्ता उपेक्षित नहीं रहेगा, सभी कार्यकर्ताओं को सम्मान देने का काम किया जाएगा।

‎भाजपा अध्यक्ष ने आगे कहा कि संगठन और सरकार में समन्वय बनाने का काम किया जाएगा और बिहार को विकसित बिहार बनाने की लक्ष्य बनाकर हम आगे बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि वे माता जानकी की धरती मिथिला के धर्मस्थलों में पूजा अर्चना कर आशीर्वाद लेकर कार्यभार संभालने आये हैं कि वे मिली जिम्मेदारी को कर्तव्यपरायणता से निभा सके।

नौ पूर्व अध्यक्ष मार्गदर्शन के लिए खड़े

इस समारोह को संबोधित करते हुए बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने नव नियुक्त अध्यक्ष का अभिनन्दन करते हुए उन्हें सलाह भी दी। उन्होंने कहा कि भाजपा में दायित्व बदलता है और काम बदलता है और हम सभी श्रेष्ठता से अपने दायित्व को निभाते हुए आगे बढ़ते रहते हैं। उन्होंने कहा कि अगले तीन साल तक चुनाव नहीं है इस कारण आशा है कि नए अध्यक्ष संगठन को और मजबूत करने का काम करेंगे। उन्होंके प्रदेश अध्यक्ष को भरोसा देते हुए कहा कि उनके साथ नौ पूर्व अध्यक्ष मार्गदर्शन के लिए खड़े हैं।

बिहार के उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने इस समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि आज केंद्रीय नेतृत्व कार्यकर्ताओं को बड़ी जिम्मेदारी दी रहा है। ऐसे में हम सभी का दायित्व है कि इन जिम्मेदारियों को बखूबी निभाया जाए। उन्होंने विश्वास जताया कि नए प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं के मान, सम्मान और स्वभिमान बढ़ेगा और हम सभी विकसित बिहार के लक्ष्य को पूरा करेंगे।

‎भाजपा के निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने अपने 17 महीने के कार्यकाल में कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ नेताओं के सहयोग मिलने पर आभार जताते हुए कहा कि आज सभी के मेहनत का परिणाम है कि बिहार में एनडीए की प्रचंड बहुमत से फिर से सरकार बनी है। उन्होंने कहा कि आज नए प्रदेश अध्यक्ष का कार्यभार संभालने को लेकर भाजपा के लिए उत्सव, जश्न और खुशी का दिन हैं।

‎इस समारोह में विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार, विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह, मंत्री मंगल पांडेय, पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे सहित बिहार सरकार के कई मंत्री, विधायक, विधान पार्षद, प्रदेश के तमाम पदाधिकारी और हजारों की संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे। इस अभिनंदन समारोह का संचालन भाजपा के प्रदेश महामंत्री राजेश वर्मा ने किया।

‎इससे पहले निवर्तमान अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल , सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा ने नव नियुक्त अध्यक्ष संजय सरवागी को अध्यक्ष की कुर्सी पर बैठाया।