भारत जोड़ो यात्रा: राहुल गांधी की ललकार, बाधाएं हमें रोक नहीं पाएंगी

केरल में राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा के तीसरे दिन मंगलवार को भी यात्रा के लिए उत्साहजनक भीड़ उमड़ पड़ी। रुक-रुक कर हो रही बारिश के बीच कांग्रेस नेता तथा सैकड़ों समर्थक बिना छतरी के सड़कों पर पदयात्रा करते दिखे।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कन्याकुमारी से कश्मीर तक 3,500 किलोमीटर दूरी की पदयात्रा शुरू की है। उन्होंने कहा कि यात्रा में शामिल लोगों के पैरों में छाले पड़ गए हैं, लेकिन अभियान जारी रहेगा। कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पदयात्रियों का अभिवादन करने के लिए सड़कों के किनारे बड़ी संख्या में लोगों का हुजूम खड़ा दिखा।

बारिश में बिना छतरी के यात्रा

बारिश के दौरान गांधी सहित कांग्रेस के नेता बिना छतरी के सड़कों पर पदयात्रा कर रहे थे। फेसबुक पर एक पोस्ट में गांधी ने हिंदी की एक कविता की पंक्तियों का जिक्र करते हुए लिखा, भले ही पैरों में छाले हैं, लेकिन हम देश जोड़ने निकले हैं, हम नहीं रुकने वाले हैं। उन्होंने इससे संबंधित एक वीडियो क्लिप भी साझा किया। राहुल गांधी के नेतृत्व में भारत जोड़ो यात्रा का मंगलवार को सातवां दिन है।