नई दिल्ली। आम लोगों की सुविधा के लिए सरकार की पहल से ट्रैफिक चालान समेत कई जरूरी सूचना व्हाट्सएप पर मिलने लगी है। लेकिन स्कैमरों की बुरी नजर व्हाट्सएप पर भेजे जाने वाले ट्रैफिक चालान पर भी पड़ गई है। ऐसे में वह फर्जी चालान के जरिये आपको बैठे-बिठाये लूट सकते हैं।
क्या है मामला
दरअसल ऐसे मामलों मेंं आपके किसी जानने वाले यानी परिचित के मोबाइल नंबर से भी फर्जी ट्रैफिक चालान आ सकता है। ऐसे में आपके कोई परिचित इस तरह का चालान आपको भेज रहे हैं तो आपको सतर्क होने की जरूरत है । आप इस तरह की फाइल को डाउनलोड ना करें क्योंकि आशंका है कि जिस नंबर से मैसेज भेजा गया है स्कैम करने वालों ने उसे हैक कर लिया हो और आपको निशाना बनाया जा रहा हो।
कैसे करें पहचान
दरअसल वाहन के चालान भरने के बहाने आपको एक खास तरह की फाइल डाउनलोड करने के लिए कहा जाता है और जैसे ही आप इस APK फाइल को डाउनलोड करेंगे आपका फोन हैक हो जाएगा। उसके बाद हैकर आपके खाते से पैसा उड़ाने के अलावा फिर आपके नंबर से आपके किसी परिचित को भी निशाना बना सकते हैं। साइबर विशेषज्ञों का कहना है यदि आपके परिवार के भी किसी सदस्य के मोबाइल नंबर से इस तरह के मैसेज आते हैं डाउनलोड कतई न करें और सबसे पहले इसकी पड़ताल करें। उनका कहना है ट्रैफिक चालान या बैंक से किसी तरह का मैसेज या नोटिस आता है तो उसमेंं समय अवधि दी गयी रहती है जिसमें आप पूरी पड़ताल करके फैसला कर सकते हैं। ट्रैफिक चालान के अलावा भी यदि किसी सरकारी विभाग, बीमा, बैंक, पुलिस स्टेशन या कोर्ट के नाम पर मैसेज आते हैं घबराहट में जल्दबाजी न करें।






