Neet ug -Ugc net पेपर लीक पर बढ़ते विवाद के बीच अब प्रदीप सिंह खरोला को मिली एनटीए महानिदेशक पद की जिम्मेदारी

Neet ug -Ugc net पेपर लीक पर बढ़ते विवाद के बीच अब प्रदीप सिंह खरोला को एनटीए महानिदेशक पद की जिम्मेदारी दी गई है। वह एटीए के महानिदेशक सुबोध कुमार सिंह की जगह लेंगे। एक आधिकारिक बयान मेंं कहा गया है कि भारत व्यापार संवर्धन संगठन (आईटीपीओ) के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक प्रदीप सिंह खरोला को नियमित नियुक्ति किए जाने तक परीक्षा एजेंसी के महानिदेशक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

कौन हैं प्रदीप सिंह खरोला

प्रदीप सिंह खरोला 1985 बैच के कर्नाटक कैडर के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारी हैं। वह 2021 में नागरिक उड्डयन सचिव के पद से सेवानिवृत हुए थे। इसके बाद मार्च 2022 में उन्हें राष्ट्रीय भर्ती एजेंसी (NRA) का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। खरोला नेशनल एडमिनिस्ट्रेटिव रिफॉर्म कमीशन के ज्वाइंट सेक्रेटरी भी रहे हैं। खरोला के नाम शहरी शासन, शहरी सार्वजनिक परिवहन और नीति निर्माण का लंबा अनुभव है। वर्ष 2012 में उन्हें ई-गवर्नेस के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार मिल चुका है। इसके अलावा, वर्ष 2013 में प्रधानमंत्री उत्कृष्ट लोक प्रशासन पुरस्कार से भी नवाजे जा चुके हैं।  अपने करियर में उन्होंने औद्योगिक विकास, पर्यटन प्रबंधन, सार्वजनिक परिवहन प्रणाली आदि जैसे विभिन्न क्षेत्रों में काम किया है। खरोला 2012-13 में कर्नाटक के मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव रहे।