Neet ug -Ugc net पेपर लीक पर बढ़ते विवाद के बीच एनटीए महानिदेशक पद से सुबोध कुमार सिंह को हटाया

Neet ug -Ugc net: नीट और यूजीसी-नेट में कथित अनियमितताओं को लेकर बड़े पैमाने पर जारी विवाद के बीचे शनिवार को राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) के महानिदेशक सुबोध कुमार सिंह को पद से हटा दिया गया। जून 2023 में सुबोध कुमार सिंह को एनटीए का महानिदेशक (DG) नियुक्त किया गया था।

अनिवार्य प्रतीक्षा में रखा गया

सुबोध कुमार सिंह को पद से हटाने के बारे में एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि एनटीए महानिदेशक को कार्मिक और प्रशिक्षण विभाग में अनिवार्य प्रतीक्षा में रखा गया है। सरकार ने राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (यूजीसी-नेट) को रद्द कर दिया है, जबकि राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (neet-ug) में भी ‘पेपर लीक’ के आरोप हैं और इसे रद्द करने की मांग की जा रही है।

शिक्षक पिता के बेटे हैं सुबोध सिंह

सुबोध कुमार सिंह मूलरूप से कानपुर, उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। उनके पिता प्राथमिक स्कूल में शिक्षक थे। वह 1997 बैच के छत्तीसगढ़ कैडर के आईएएस अधिकारी हैं। जून 2023 में सुबोध कुमार सिंह को एनटीए का महानिदेशक (DG) नियुक्त किया गया था। इससे पहले वह केंद्रीय खाद्य मंत्रालय में एडिशनल सेक्रेटरी के पद पर कार्यरत थे। उन्होंने देश आईआईटी रुड़की से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में बैचलर ऑफ इंजीनियरिंग (BE) और मास्टर ऑफ इंजीनियरिंग (ME) किया है इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय, इग्नू से उन्होंने एमबीए भी किया है।