सीएम नीतीश की कुशल नीतियों से बिहार ने अपना खोया हुआ गौरव पुनः प्राप्त किया: उमेश कुशवाहा

पटना। बिहार जद (यू0) के मा0 प्रदेश अध्यक्ष श्री उमेश सिंह कुशवाहा ने रविवार को बिहार दिवस के अवसर पर जारी बयान में कहा कि वर्ष 2005 के बाद बीते 21 वर्षों के सुशासन में मा0 मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार की कुशल नीतियों, बिहारवासियों के प्रति अटूट प्रतिबद्धता और राज्य को उन्नत बनाने की दृढ़ इच्छाशक्ति के कारण बिहार ने अपना खोया हुआ गौरव और सम्मान पुनः अर्जित किया है।

प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि नीतीश सरकार की दूरदर्शी कार्य योजनाओं और ईमानदार सोच का ही परिणाम है कि बिहार आज हर क्षेत्र में उन्नति और प्रगति के नए आयाम स्थापित कर रहा है। नालंदा में नया विश्वविद्यालय, राजगीर में ऐतिहासिक खेल परिसर, पटना में सरपट दौड़ती मेट्रो, विश्वस्तरीय जेपी गंगा पथ के रूप में देश का सबसे लंबा एलिवेटेड रिवर फ्रंट और दूरदराजे के गांवों तक फैली सड़कें, ये सभी राज्य की बदलती तस्वीर के सजीव प्रमाण हैं। उन्होंने कहा कि बिहार ने वह दौर भी देखा है जब रंगदारी और फिरौती के डर से लोग पलायन करने को मजबूर थे, वहीं आज का बिहार अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों का सफल मंच प्रस्तुत करता है। दुनिया भर के खिलाड़ी बिहार के खेल इन्फ्रास्ट्रक्चर की प्रशंसा करते हैं। यह ऐतिहासिक बदलाव मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार की दृढ़ इच्छाशक्ति और सुशासन की प्रतिबद्धता का परिणाम है। प्रदेश अध्यक्ष ने आगे कहा कि बिहार अब ‘बीमारू राज्य’ की छवि से मुक्त होकर विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। जहां पहले बेटियां स्कूल जाने में असहज महसूस करती थीं, वहीं आज बिहार महिला पुलिस बल के मामले में देश का अग्रणी बन चुका है। साथ ही राज्य में नए उद्योग-धंधे विकसित हो रहे हैं और रोजगार के अवसर लगातार बढ़ रहे हैं। सड़क, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्रों में बिहार द्वारा प्रस्तुत किया गया अनुकरणीय माॅडल देश के लिए भी प्रेरणास्रोत बन चुका है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बिहार दिवस सिर्फ एक उत्सव मात्र नहीं, बल्कि अपने गौरवशाली इतिहास को स्मरण करते हुए प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए नए संकल्प लेने का अवसर भी है। यह दिन हमें प्रेरित करता है कि हम एक समृद्ध, सशक्त और विकसित बिहार के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएँ।