पटना। जद (यू) प्रदेश प्रवक्ता श्री हिमराज राम एवं प्रदेश प्रवक्ता श्री परिमल कुमार ने जारी बयान में कहा है कि वर्ष 2026 बिहार के युवाओं के लिए रोजगार और नए अवसरों का वर्ष साबित होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि रोजगार के लिए राज्य सरकार का उद्देश्य केवल एक विभाग तक सीमित नहीं है, बल्कि अन्य विभागों में भी व्यापक स्तर पर नए अवसर सृजित किए जा रहे हैं।
युवाओं को स्थायी और सम्मानजनक रोजगार उपलब्ध कराने के लिए सरकार ने प्रशासनिक ढांचे को और सुदृढ़ किया है। इसी क्रम में युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग तथा उच्च शिक्षा विभाग सहित नए विभागों का गठन किया गया है, ताकि कौशल प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और नियुक्ति की प्रक्रियाओं को सुव्यवस्थित और परिणामोन्मुख बनाया जा सके।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में वर्ष 2025 से 2030 तक का समय बिहार में औद्योगिक प्रगति का स्वर्णिम काल होगा। राज्य में नए उद्योगों की स्थापना के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं और अब तक 143 निवेश प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं, जिनके माध्यम से लगभग 27 हजार करोड़ रुपये के निवेश की संभावना है। इन निवेश योजनाओं के साकार होने से बिहार औद्योगिक विकास का प्रमुख केंद्र बनेगा और लाखों युवाओं को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। रोजगार सृजन की यह व्यापक पहल राज्य के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने, आर्थिक सशक्तिकरण को गति देने तथा समग्र विकास को सुनिश्चित करने की दिशा में एक निर्णायक कदम है। आने वाले समय में बिहार अवसरों की नई ऊंचाइयों को छुएगा और राज्य के युवाओं की प्रतिभा को उचित मंच प्रदान करते हुए समृद्धि की नई इबारत लिखेगा।






