पटना/नई दिल्ली। राजस्थान के भिवाड़ी स्थित खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में सोमवार सुबह एक निजी केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग लगने से 8 मजदूरों की जिंदा जलकर मौत हो गई। इसमें बिहार के पांच मजदूर भी शामिल हैं। चार मजदूर बुरी तरह झुलस गए हैं। जानकारी के मुताबिक फैक्ट्री में करीब 25 मजदूर काम कर रहे थे।
पटाखा निर्माण की आशंका
बताया जा रहा है कि फैक्ट्री में मौजूद केमिकल और ज्वलनशील सामग्री के कारण आग तेजी से फैल गई। दमकल की कई गाड़ियों ने करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर किसी तरह काबू पाया। हादसे के कारणों की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। हालांकि, फैक्ट्री में पटाखा निर्माण की आशंका भी जताई जा रही है।
आप को बता दें कि भिवाड़ी हाल के दिनों में आग का हॉटस्पॉट बनता जा रहा है और वहां फैक्ट्रियों में आग लगने की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं.






