नितिन नवीन ने किसके लिए कहा राजनीति में कोई जगह नहीं,भाजपा का भी खोल दिया बड़ा राज

पटना। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन पटना पहुंचने के बाद अभिनंनदन समारोह में अपने स्वर्गीय पिता श्री नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा को याद कर भावुक हो गए। अपने पिता को यात करते हुए कहा कि पितजी ने ही मुझे कार्यकर्ताओं के साथ जुड़ना और लगन एवं परिश्रम से कार्य करना सिखाया है। यह उन्होंने ही सिखाया है कि कार्यकर्ताओं के साथ कैसे एक परिवार की तरह कार्य किया जाता है। इसके साथ ही नवीन ने कार्यकर्ताओं को लेकर भी भाजपा की रणनीति का एक बड़ा राज खोल दिया।

 उन्होंने कहा कि बिहार के हर कोने से आए कार्यकर्ताओं की उपस्थिति अत्यंत प्रेरणादायक है। जब मुझे राष्ट्रीय अध्यक्ष और कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई तो प्रत्येक कार्यकर्ता ने स्वयं को भाजपा का कार्यकारी अध्यक्ष महसूस किया। यही भारतीय जनता पार्टी की विशेषता और शक्ति है। बिहार के विकास तथा भारतीय जनता पार्टी की बिहार इकाई के सम्मान से जुड़ा हर विषय पूरी मजबूती से उठाया जाएगा और कार्यकर्ताओं के हितों की रक्षा पूरी निष्ठा के साथ की जाएगी।

बूथ से नेतृत्व तक अ‌वसर

नवीन ने कहा कि भाजपा अपने कार्यकर्ताओं को परिवार की तरह समेट कर आगे बढ़ती है। राजनीति में शॉर्टकट के लिए कोई जगह नहीं है, राजनीति में शॉर्टकट से दूर होना  पड़ेगा। नितिन नवीन ने कहा कि राजनीति लॉन्ग रन का काम है। यदि राजनीति में लंबी दूरी तय करनी है तो धैर्यपूर्वक कार्य करना आवश्यक है। प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं को भारतीय जनता पार्टी बूथ से उठाकर केन्द्रीय नेतृत्व तक पहुंचा देती है। सभी कार्यकर्ता धैर्यपूर्वक और पूर्ण समर्पण के साथ अपने कार्य में जुटे रहें।

नवीन ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का संगठनात्मक ढांचा अत्यंत सुदृढ़ है। बूथ और मंडल स्तर पर प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने पर पार्टी स्वयं कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाने का कार्य करेगी और इसके लिए किसी के दरवाजे पर जाने की आवश्यकता नहीं होगी। जनता और कार्यकर्ताओं के साथ निरंतर जुड़े रहना ही सफलता का मार्ग है।