नई दिल्ली । आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री और एनडीए के वरिष्ठ नेता श्री एन चंद्रबाबू नायडू (Andhra Pradesh Chief Minister Chandrababu Naidu) ने आज शुक्रवार को नई दिल्ली स्थित बिहार भवन जाकर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष श्री नितिन नवीन (BJP National Working President Nitin Naveen) से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी। इस अवसर केंद्रीय मंत्री श्री राम मोहन नायडू किंजरापु, केंद्रीय मंत्री श्री चंद्रशेखर पेम्मासानी एवं भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री श्री विनोद तावड़े सहित कई गणमान्य नेतागण उपस्थित रहे।
श्री एन चंद्रबाबू नायडू ने पुष्पगुच्छ भेंट कर भाजपा के नवनियुक्त कार्यकारी अध्यक्ष श्री नितिन नवीन को बधाई दी और उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएँ प्रेषित कीं। उन्होंने कहा कि श्री नितिन नबीन का युवा होना और भाजपा में पहले से सक्रिय रूप से कार्य करने का अनुभव पार्टी के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा तथा आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में एनडीए विकसित भारत के लक्ष्य की सिद्धि में पूरी ताकत से अपनी भूमिका निभाएगा। श्री नायडू ने स्पष्ट किया कि टीडीपी देश की तरक्की में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए हमेशा तैयार रहेगी।
माननीय राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष श्री नितिन नवीन ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी, एनडीए के सभी सहयोगियों के साथ मिलकर आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में देश के विकास की धुरी बनाने तथा देश को और मजबूत बनाने के लिए कटिबद्ध है। उन्होंने शुभकामनाओं के लिए श्री नायडू का धन्यवाद किया और कहा कि उनके सहयोग से आंध्र प्रदेश देश का न केवल एक विकसित राज्य बनेगा बल्कि देश के विकास में भी हम पूरी निष्ठा और तत्परता के साथ काम करेंगे।






