सरकार का अहम फैसला: UPI से PF का 75% पैसा तुरंत निकाल सकेंगे कर्मचारी, करोड़ों लोगों को होगा फायदा

नई दिल्ली: नौकरीपेशा कर्मचारियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। अब कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) से जुड़े सदस्य UPI के जरिए अपने PF खाते से 75 प्रतिशत तक की राशि तुरंत निकाल सकेंगे। इस नई सुविधा से PF निकासी प्रक्रिया पहले की तुलना में कहीं अधिक आसान, तेज और डिजिटल हो जाएगी। श्रम मंत्री मनसुख मांडविया (Labor Minister Mansukh Mandaviya) ने यह बड़ा ऐलान किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) के नेतृत्व वाली सरकार और EPFO के इस कदम को कर्मचारियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए एक बड़ा सुधार माना जा रहा है।

कारण बताने की जरूरत नहीं

भारत के श्रम और रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा कि नए नियम से अब जरूरत पड़ने पर बिना कारण बताए खाते से 75 प्रतिशत तक राशि UP के जरिए निकाली जा सकेगी। ऐसे में अब पीएफ सिर्फ रिटायरमेंट तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि जरूरत पड़ने पर कर्मचारियों के लिए आर्थिक सहारा भी बनेगा। 25% PF राशि रिटायरमेंट के लिए सुरक्षित रहेगी।

कब से मिलेगी सुविधा

मांडविया ने कहा कि EPFO 3.0 के तहत डिजिटल और UPI इंटीग्रेशन शुरूकर दिया गया है और इसे मार्च 2026 से पहले पूरी कर देने की योजना है। अब तक PF निकालने के लिए कर्मचारियों को लंबी प्रक्रिया, बैंक खातों की पुष्टि और कई दिनों तक इंतजार करना पड़ता था। लेकिन UPI आधारित निकासी सुविधा लागू होने के बाद यह प्रक्रिया मिनटों में पूरी हो सकेगी।

यूपीआई आईडी से लिंक होगा खाता

नई व्यवस्था के तहत EPFO सदस्य अपने UPI ID को PF खाते से लिंक कर सकेंगे। इसके बाद वे EPFO के पोर्टल या मोबाइल ऐप के माध्यम से 75% तक की PF राशि निकालने का अनुरोध कर पाएंगे। अनुरोध स्वीकृत होते ही पैसा सीधे कर्मचारी के UPI से जुड़े बैंक खाते में ट्रांसफर हो जाएगा। इस सुविधा से खासतौर पर उन कर्मचारियों को फायदा होगा, जिन्हें आपात स्थिति, मेडिकल खर्च, बेरोजगारी या पारिवारिक जरूरतों के लिए तुरंत पैसे की आवश्यकता होती है।