नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (BJP भाजपा) को नया प्रदेश अध्यक्ष मिल गया है। केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी (Pankaj Chaudhary)प्रदेश भाजपा के निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (yogi Adityanath) उनके प्रस्तावक थे और इस पद के लिए सिर्फ पंकज चौधरी ने ही नामांकन किया था।
पूर्वांचल का दिग्गज चेहरा
पंकज चौधरी (Pankaj Chaudhary) उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक मजबूत और विश्वसनीय चेहरा माने जाते हैं। पंकज चौधरी का जन्म 20 नवंबर 1964 को पूर्वांचल का केंद्र कहे जाने जाने वाले उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में हुआ था। उन्होंने गोरखपुर विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन किया है। लोकसभा का कई चुनाव जीतने के बावजूद सादगी भरी जीवनशैली और विवादों से दूरी रखने वाले पंकज चौधरी को लो-प्रोफाइल लेकिन असरदार नेता माना जाता है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि संसदीय अनुभव और संगठनात्मक समझ के चलते वह भाजपा के उन नेताओं में शुमार हैं, जिन पर पार्टी का शीर्ष नेतृत्व लगातार भरोसा करता आया है और उत्तर प्रदेश मेंं पार्टी की कमान देकर नेतृत्व का भरोसा उनपर और मजबूत हुआ है।
नगर निगम से राजनीतिक शुरुआत
पंकज चौधरी का राजनीतिक सफर नगर निगम गोरखपुर से शुरू हुआ। वह पहले पार्षद बने और बाद में उपमहापौर के पद तक पहुंचे। 10वीं लोकसभा में वर्ष 1991 में महराजगंज संसदीय सीट से भाजपा के टिकट पर सांसद चुने गए। 11वीं और 12वीं लोकसभा में वर्ष 1996, 1998 में सांसद चुने गए। हालांकि, 1999 में सपा के अखिलेश यादव से हार मिली पर 2004 में फिर निर्वाचित हुए। 2009 में कांग्रेस के स्वर्गीय हर्षवर्धन से हार मिली। इसके बाद 2014 से लगातार लोकसभा के सदस्य हैं।






