Indigo Crisis: नई दिल्ली। विमानन कंपनी इंडिगो एयरलाइंस के पिछले तीन दिन में एक हजार से अधिक उड़ाने रद्द होने यात्रियों की परेशानी और विमान कंपनियों द्वारा आपदा में अवसर की तरह किरायै मेंं 10 गुना तक बढ़ोत्तरी के बाद सरकार ने सख्त कदम उठाया है। अब सरकार ने विमान कंपनियों के लिए अधिकतम किराये की दर तय कर दी है।
अब इससे ज्यादा नहीं होगा किराया
इंडिगो संकट (Indigo Crisis) के बीच अन्य एयरलाइंस के किराए में 10 गुना बढ़ोत्तरी को लेकर सरकार ने सख्त कदम उठाए हैं। अब 500 किमी तक हवाई सफर में 7500 रुपए किराया लगेगा। वहीं 500-1000 किमी तक अधिकतम ₹12,000, 1000-1500 किमी तक अधिकतम ₹15,000 और 1500 किमी से ऊपर अधिकतम ₹18,000 लगेंगे।
सड़क मार्ग और ट्रेन से सफर को मजबूर
देश में हजारों यात्री इंडिगो की फ्लाइट रद्द होने के कारण सड़क मार्ग और ट्रेन से सफर करने को मजबूर हुए हैं। पिछले तीन दिनों में विमान कंपनियों ने किराये मेंं 10 गुना तक इजाफा किया है। दिल्ली-मुंबई का किराया जहां आम दिनों में करीब सात हजार रुपये रहता है वहां 70 हजार रुपये वसूल किया जा रहा था। वहीं दिल्ली से हैदराबाद का किराया एक लाख रुपये तक पहुंच गया था।






