पटना। अगस्त क्रान्ति 1942 के अमर शहीद राजेन्द्र सिंह की 101 वीं जयंती समारोह आज शहीद राजेन्द्र स्मारक, नयागाँव के प्रांगण में मनायी गई। इस समारोह में बिहार भाजपा के अध्यक्ष सह उद्योग मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल भी शामिल हुए। इस मौके पर भाजपा अध्यक्ष डॉ. जायसवाल ने अमर शहीद राजेंद्र सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और उनका नमन किया।
शहीद राजेंद्र सिंह स्मारक समिति द्वारा आयोजित इस समारोह में आए लोगों को संबोधित करते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने सारण की पावन धरती को नमन करते हुए कहा कि सारण जिला वीर सपूतों की भूमि रही है।
उन्होंने कहा कि यह पावन धरती डॉ. राजेंद्र प्रसाद, लोकनायक जयप्रकाश नारायण, शहीद राजेंद्र सिंह, दारोगा प्रसाद राय, मौलाना मजहरुल हक, भोजपुरी के शेक्सपियर भिखारी ठाकुर एवं महेन्द्र मिश्र जैसे अनेक महापुरुषों की जननी और कर्मभूमि रही है।
उन्होंने अमर शहीद राजेंद्र सिंह को याद करते हुए कहा कि राजेन्द्र सिंह युवा अवस्था मे अपने पिता शिवनारायण सिंह, माता जीरा देवी तथा पत्नी सुरेश देवी को घर पर छोड़ कर अगस्त 1942 में महात्मा गांधी के अंग्रेजों भारत छोड़ो का आंदोलन में कूद पड़े थे। उस समय उनकी उम्र लगभग 18 वर्ष होगी। उसी उम्र में ही पटना सचिवालय पर तिरंगा झंडा फहराने के दौरान 11 अगस्त 1942 को छह दोस्तों के साथ राजेन्द्र सिंह शहीद हो गए।
उन्होंने कहा कि अमर शहीद राजेंद्र सिंह पीठ पर नहीं सीने पर गोली खाई थी, जिस पर आज भी नयागांव के लोगों को नाज है। भाजपा अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने कहा कि ऐसे महान सपूतों की याद के लिए कार्यक्रम आयोजित किया जाना चाहिए, जिससे आने वाली पीढ़ी भी उनके योगदान को जान सके।
इस कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व मंत्री सह विधायक कृष्ण कुमार सिंह ने किया। इस मौके पर कई और विधायक और गणमान्य लोग भी उपस्थित थे। इससे पहले सोनपुर जाने के क्रम में बजरंग चौक पर विधायक विनय सिंह एवं विधायक कृष्ण कुमार मंटू के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं द्वारा भाजपा अध्यक्ष डॉ जायसवाल का जोरदार स्वागत किया गया। इसके बाद त्रिभुवन चौक पर स्थानीय कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों द्वारा भी उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।






