‎बिहार की जीत प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश पर भरोसा : सम्राट चौधरी

‎Bihar Assembly Election 2025: पटना, 14 नवंबर। बिहार में एनडीए की अभूतपूर्व और ऐतिहासिक जीत के मौके पर बिहार के उपमुख्यमंत्री और भाजपा के नेता सम्राट चौधरी ने इस जीत को लेकर बिहार के लोगों, मतदाताओं और कार्यकर्ताओं को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि यह प्रचंड विजय लोकप्रिय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कुशल नेतृत्व में बिहार की नारीशक्ति के आशीर्वाद, बढ़ती पेंशन से प्रसन्न बुजुर्गों के स्नेह, रोजगार के अपार अवसरों पर युवाओं के भरोसे और किसानों की उम्मीदों का परिणाम है।

उन्होंने बिहार विधानसभा 2025 में मिली एकतरफा और ऐतिहासिक जीत के लिए देवतुल्य बिहारवासियों का दिल से आभार जताया। उन्होंने कहा कि जन-जन के इस विश्वास ने सुशासन और विकास की ताकत को एक बार फिर प्रमाणित किया है। भरोसा देते हुए उन्होंने कहा कि अब बिहार नई गति, नए संकल्प और नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ेगा — और भी मजबूत, और भी सक्षम होगा।
‎उन्होंने बिहार चुनाव में एनडीए को मिली जीत को प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भरोसा बताया है। उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं था। बिहार के नौजवानों को नौकरी देने की बात कर रहे थे, लेकिन उनके पास कोई प्लान नहीं था। उन पर जनता का कोई विश्वास नहीं था।

‎उन्होंने कहा कि बिहार में एनडीए की जीत से साफ है कि बिहार ने अहंकारी और भ्रष्टाचारी नेतृत्व को नकारा है। उन्होंने कहा कि यह जनादेश एनडीए पर विश्वास पर मुहर है। उन्होंने कहा कि बिहार के मतदाताओं ने परिवारवादी पार्टियों और भ्रष्टाचारी पार्टियों को पूरी तरह नकार दिया।

‎उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि एनडीए ने लोगों का दिल जीता है। एनडीए ने लोगों के लिए काम किया है। एनडीए के शासन में लोग, खासकर महिलाएं, सुरक्षित महसूस करती हैं।

‎उन्होंने कहा कि बिहार के लोगों ने इस जनादेश से साफ कर दिया कि अब वे जंगलराज और माफियाराज कभी नहीं आने देंगे। लोगों में बिहार को आगे बढ़ते देखने की चाह है, इसलिए उन्होंने बढ़-चढ़कर एनडीए को वोट दिया है.