पटना। भाजपा के युवा नेता निर्वतमान विधायक राणा रणधीर ने विधानसभा चुनाव 2025 में 5492 मतों से जीत हासिल की है। उन्होंने राजद की संध्या रानी को पराजित किया। वह लगातार तीसरे बार जीते हैं। उन्हें 86002 मत मिले।
चौथी बार बने विधायक
राणा रणधीर ने अपना पहला चुनाव राजद के टिकट पर मधुबन से फरवरी 2005 में लड़ा और जीता था। हालांकि, नवंबर 2005 में हुए चुनाव में वह हार गए थे। इसके बाद वर्ष 2015 से वह भाजपा के टिकट पर लगातार वहां से जीत दर्ज कर चुके हैं।
पेशे से इंजीनियर, विरासत में राजनीति
आपको बता दें कि राणा रणधीर की छवि एक साफ-सुथरे नेता की रही है और वह सहकारिता मंत्री भी रह चुके हैं। अपने पिता और पूर्व मंत्री एवं सांसद स्व सीताराम सिंह के सानिध्य में राजनीति मेंं कदम रखने वाले राणा रणधीर पेशे से इंजीनियर हैं। वह आम राजनेताओं के उलट कम बोलते हैं लेकिन तथ्यों के साथ सटीक बोलने के लिए जाने जाते हैं। सहकारिता मंत्री के कार्यकाल में उनकी तथ्यों के साथ हाजिरजवाबी के लिए विपक्ष भी उनका मुरीद हुआ करता था।
क्षेत्र के साथ सोशल मीडिया पर भी सक्रिय
राणा रणधीर उन जनप्रतिनिधियों में शामिल हैं जो अपने क्षेत्र के लोगों के लिए सर्व सुलभ रहते हैं। यही वजह है कि विरासत में मिली राजनीति को अब वह अपने काम के दम पर आगे बढ़ा रहे हैं। वह आज के पीढ़ी के नेताओं की तरह सोशल मीडिया पर भी किसी से पीछे नहीं है। एक हफ्ता पहले उन्होंने सोशल मीडिया पर एक नारा दिया था “जोड़ी मोदी जी और नीतीश जी की हिट है…और बिहार के लिए फिट हैं”। अब एनडीए की आंधी मेंं जब विपक्ष का सूपड़ा साफ हो गया तो उनका यह नारा सच साबित हो गया है।






