पटना। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तारीखों का बहुप्रतीक्षित ऐलान हो गया है। मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि इस बार चुनाव दो चरणों में संपन्न होंगे। पहला चरण 6 नवंबर और दूसरा चरण 11 नवंबर को होगा। वहीं, मतगणना 14 नवंबर को कराई जाएगी। चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही राज्य में आदर्श आचार संहिता भी लागू हो गई है।
एक मतदान केंद्र पर 1,200 मतदाता होंगे
इस बार चुनाव आयोग ने मतदान प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी और सुगम बनाने के लिए कई अहम बदलाव किए हैं। सबसे बड़ा बदलाव यह है कि अब किसी भी मतदान केंद्र पर 1,200 से अधिक मतदाता नहीं होंगे। इससे लंबी कतारों से निजात मिलने की उम्मीद है।
पिछली बार से कई मायनों में होगा अलग

चुनाव आयोग के अनुसार, इस बार बिहार में कुल 90,000 से अधिक मतदान केंद्र बनाए जाएंगे, ताकि मतदाताओं को सुविधा हो और भीड़ नियंत्रित रहे। 2020 में जहां मतदान तीन चरणों में हुआ था, इस बार दो चरणों में ही पूरी प्रक्रिया संपन्न की जाएगी।
सिर्फ एक कॉल पर हाजिर होंगे BLO
चुनाव आयोग ने इस बार मतदाताओं की सुविधा को प्राथमिकता दी है। राज्य में 90,712 बीएलओ (BLOs), 243 ईआरओ (EROs) और 38 डीईओ (DEOs) तैनात किए गए हैं। मतदाता अब सिर्फ एक फोन कॉल के ज़रिए अपने BLO से बात कर सकते हैं। इसके लिए आयोग ने 1950 हेल्पलाइन को सक्रिय किया है। उदाहरण के लिए यदि कोई मतदाता पटना से है, तो वह +91-612-1950 डायल कर जरूरी जानकारी ले सकता है। इसके अलावा ECINet App के जरिए भी BLO से कॉल बुकिंग की जा सकती है।
राजनीतिक दलों की रणनीति तेज
चुनाव कार्यक्रम के ऐलान के बाद ही सभी प्रमुख राजनीतिक दलों – एनडीए, महागठबंधन, तीसरा मोर्चा आदि ने अपनी-अपनी चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। टिकट वितरण, जनसभाएं और सोशल मीडिया कैंपेन को लेकर गतिविधियां तेज हो गई हैं।
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 न सिर्फ राज्य की सियासी तस्वीर को बदलेगा, बल्कि यह राष्ट्रीय राजनीति के लिए भी अहम संकेतक साबित हो सकता है। अब देखना होगा कि जनता किसे सत्ता सौंपती है – नया चेहरा या पुराना विश्वास।
बिहार विधानसभा चुनाव का कार्यक्रम
चुनाव कार्यक्रम: पहला चरण (121 विधानसभा क्षेत्र) दूसरा चरण (122 विधानसभा क्षेत्र)
गजट अधिसूचना जारी करने की तारीख: 10.10.2025 (शुक्रवार) 13.10.2025 (सोमवार)
नामांकन करने की अंतिम तारीख: 17.10.2025 (शुक्रवार) 20.10.2025 (सोमवार)
नामांकन की जांच की तारीख: 18.10.2025 (शनिवार) 21.10.2025 (मंगलवार)
उम्मीदवारों की नाम वापसी की अंतिम तारीख: 20.10.2025 (सोमवार) 23.10.2025 (गुरुवार)
मतदान की तारीख: 06.11.2025 (गुरुवार) 11.11.2025 (मंगलवार)
मतगणना की तारीख: 14.11.2025 (शुक्रवार)