महाराष्ट्र और झारखंड में विधानसभा चुनाव का शंखनाद, महाराष्ट्र में 20 नवंबर और झारखंड में 13 और 20 नवंबर को मतदान

महाराष्ट्र और झारखंड में विधानसभा चुनाव का शंखनाद हो गया है। मंगलवार को चुनाव आयोग ने तारीखों का ऐलान कर दिया। महाराष्ट्र में 20 नवंबर और झारखंड में 13 और 20 नवंबर को मतदान होगा। नतीजे 23 नवंबर को आएंगे।

चुनाव आयोग ने क्या कहा

मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी देते हुए कहा कि महाराष्ट्र में 20 नवंबर को एक चरण में विधानसभा चुनाव होगा। जबकि झारखंड में दो चरणों में 13 और 20 नवंबर को मतदान होगा। दोनों राज्यों के नतीजे 23 नवंबर को आएंगे। उन्होंने कहा कि चुनाव की तैयारी पूरी है।

47 विधानसभा सीटों पर भी उपचुनाव

चुनाव आयोग ने जानकारी देते हुए कहा कि महाराष्ट्र और झारखंड में विधानसभा चुनाव के साथ 15 राज्यों की 47 विधानसभा सीटों और दो लोकसभा सीटों पर उपचुनाव भी होगा। हालांकि, उत्तर प्रदेश में अयोध्या की मिल्कीपुर सीट पर उपचुनाव नहीं होगा और वहां नौ ही सीटों पर उपचुनाव होगा।

ईवीएम 100 फीसदी फूलप्रूफ, एग्जिट पोल वाले आत्ममंथन करें

मुख्य चुनाव आयुक्त ने ईवीएम को लेकर सभी तरह की आशंका को नकार दिया। इतना ही नहीं एग्जिट पोल करने वालों को भी नसीहत दे डाली। मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि ईवीएम 100 फीसदी फूलप्रूफ है और गड़बड़ी की कोई भी आशंका नहीं है। उन्होंने कहा कि एग्जिट पोल में भारी गड़बड़ी है और इसको देखते हुए सर्वेक्षणकर्ताओं को आत्ममंथन करने की जरूरत है।