मुंबई पहुंचे पीयूष गोयल ने कहा, बदलापुर के दोषियों को मिलेगी सख्त सजा

मुंबई, 22 अगस्त (आईएएनएस)। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने गुरुवार को मुंबई के मलाड चिंचवली मराठी स्कूल का दौरा किया। उन्होंने कहा कि बदलापुर के दोषियों को सख्त सजा मिलेगी।

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने बदलापुर के एक स्कूल की चार साल की बच्ची के साथ हुई दुष्कर्म की घटना के मद्देनजर मालाड चिंचवली स्कूल प्रांगण में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि बदलापुर घटना के पीछे जो आरोपी हैं उनके ऊपर कार्रवाई होनी चाहिए। उन्हें ऐसी कड़ी सजा दी जाए कि लोगों में भय पैदा हो। मुझे पूरा विश्वास है कि फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से इस घटना के दोषियों को सख्त सजा मिलेगी।

उन्होंने कहा, “लोकसभा चुनाव खत्म होने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के तीसरी बार देश की कमान संभालने के बाद मेरा उत्तर मुंबई में आगमन लगभग हर हफ्ते हो रहा है। यहां लगातार विकास के कार्य चल रहे हैं जहां मेरा जाना हुआ है। यहां तक कैसे उत्तम सुविधाएं पहुंच सके, इस पर भी विचार हुआ है। हम सब उत्तर मुंबई को उत्तम मुंबई बनाने के संकल्प में जुटे हैं। मेरा विश्वास है कि आने वाले दिनों में बहुत सारा बदलाव, परिवर्तन व सुधार उत्तर मुंबई में देखने को मिलेगा।”

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने इस दौरान मुंबई का पहला वैदिक थीम पार्क का भी शुभारंभ किया। उन्होंने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा, यह मुंबई का पहला वैदिक थीम पार्क है। 6.5 एकड़ जमीन पर बन रहा यह पार्क चारों वेदों ‘ऋग्वेद, सामवेद, यजुर्वेद और अथर्ववेद’ पर केंद्रित होगा जिसमें भारतीय संस्कृति की झलक साफ देखी जा सकेगी। यहां 600 प्रकार के विभिन्न पेड़ लगाने तथा लोगों में आयुर्वेद के प्रति भी जागरूकता फैलाने का प्रयास किया जाएगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत अपनी मां के नाम से पहला पेड़ लगाकर इस वैदिक पार्क के कार्य का शुभारंभ किया और इसे शीघ्र पूरा करने के लिए आवश्यक विषयों पर विस्तृत चर्चा की। महाराष्ट्र सरकार की देखरेख में बीएमसी जल्द ही आम लोगों के लिए ये पार्क खोलेगा।

पीयूष गोयल ने मलाड में निर्माणाधीन मिठ चौकी ब्रिज का भी अवलोकन किया। उन्होंने लिखा, विकास की राह पर अग्रसर उत्तर मुंबई। आज मलाड में निर्माणाधीन मिठ चौकी ब्रिज का अवलोकन किया तथा अधिकारियों के साथ इसके तेज गति से काम के संदर्भ में विस्तृत चर्चा की। इसके शीघ्र पूरा होने से यहां आवागमन में आसानी होगी जिससे समय और पेट्रोल दोनों की बचत भी होगी।

–आईएएनएस

एसएम/एसकेपी