पटना। जद (यू0) राष्ट्रीय प्रवक्ता श्री राजीव रंजन प्रसाद ने मीडिया में जारी बयान में कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार की पहचान एक ऐसे जननेता के रूप में है, जिनकी राजनीति का केंद्र आम जनता और लोकतांत्रिक संवाद रहा है। बिहार भर की यात्रा और लोगों से सीधा संवाद उनकी विशिष्ट कार्यशैली का अभिन्न हिस्सा है। वे लोकतंत्र में जनता को सबसे आगे रखते हुए न केवल उनकी बात सुनते हैं, बल्कि उस फीडबैक को शासन और नीति निर्माण का आधार भी बनाते हैं।
इन यात्राओं से यह साफ झलकता है कि मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार पुरानी योजनाओं की समीक्षा को लेकर कितने गंभीर हैं। साथ ही, जहां-जहां विकास कार्य चल रहे हैं, उनकी वास्तविक स्थिति का भी उन्हें प्रत्यक्ष आकलन होता है। यह प्रक्रिया केवल वर्तमान कार्यों की निगरानी तक सीमित नहीं रहती, बल्कि राज्य के पुनर्निर्माण और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए आगे की ठोस योजना की नींव भी रखती है।
मुख्यमंत्री द्वारा किए गए यह पूर्ववर्ती कार्य बिहार के लिए एक युगांतकारी कालखंड के रूप में स्थापित हो रहे हैं। विकसित बिहार की परिकल्पना के तहत उद्योग, निवेश, आधारभूत संरचना के सशक्त निर्माण और समाज के कमजोर वर्गों के सशक्तीकरण की दिशा में जो निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, वे आने वाले समय में राज्य के विकास के लिए मील का पत्थर साबित होंगे। मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार विकास, सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक मूल्यों के संतुलन के साथ निरंतर आगे बढ़ रहा है।






