टाटा मोटर्स घाटे से उबरी, तीसरी तिमाही में कमाया 3,043 करोड़ रुपये का बंपर मुनाफा

भारतीय वाहन कंपनी  टाटा मोटर्स  को चालू वित्त वर्ष 2022-23 की अक्टूबर-दिसंबर की तीसरी तिमाही में कमाई में जोरदार उछाल के साथ बंपर मुनाफा हुआ है। कंपनी को दिसंबर तिमाही में  3,043  करोड़  रुपये का एकीकृत शुद्ध लाभ हुआ  है। कंपनी ने बयान में कहा कि तिमाही  के दौरान  वाहनों की बिक्री अच्छी रहने से कंपनी का मुनाफा बढ़ा है।

कमाई में जोरदार उछाल

कंपनी को पिछले वित्त वर्ष 2021-22 की अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में  1,451 करोड़ रुपये का शुद्ध घाटा हुआ था। शेयर बाजारों को भेजी सूचना में कंपनी ने कहा कि तिमाही के दौरान उसकी कुल कमाई भी बढ़कर 88,489 करोड़ रुपये हो गई। पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में उसकी कमाई 72,229 करोड़ रुपये रही थी।

टाटा मोटर्स ने कहा कि इस दौरान एकल आधार पर, कंपनी का शुद्ध लाभ दोगुना से अधिक होकर 506 करोड़ रुपये हो गया। एक  साल पहले समान तिमाही में यह 176 करोड़ रुपये था। पिछले साल दिसंबर  तिमाही में  टाटा समूह की ब्रिटिश इकाई जगुआर लैंड रोवर का राजस्व 28 प्रतिशत बढ़कर छह अरब पाउंड रहा।