कटिहार के मेयर शिवराज पासवान की बीच सड़क गोली मारकर हत्या

कटिहार में गुरुवार की रात दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देते हुए यहां के मेयर शिवराज पासवान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। गुरुवार की रात बाइक सवार हमलावरों ने बेहद करीब से उनके सीने में गोलियां मारी है। पुलिस जांच पड़ताल में जुटी है। फिलहाल घटना का कारण नहीं पता चल सका है। वारदात को उनके वार्ड संतोषी कालोनी में ही अंजाम दिया गया।

मृतक, शिव पासवान

बताया जा  रहा है कि बाइक से पहुंचे चार हमलावरों ने उनके पास आकर घटना को अंजाम दिया। बदमाशों ने ताबड़तोड़ कई गोलियां चलाईं। इनमें तीन गोली उनके सीने में लगी और वह लहुलूहान होकर गिर पड़े। उनके गिरते ही हमलावर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन में खलबली मच गई। तत्काल नाकेबंदी कर चेकिंग शुरू कराई गई। पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। घायल मेयर को तत्काल कटिहार मेडिकल कालेज लाया गया। वहां उनकी मौत हो गई।

बॉडीगार्ड साथ नहीं था

डीएम उदयन मिश्रा के अनुसार मंदिर जाते समय उन पर हमला हुआ है। उनको बॉडीगार्ड भी मिला था। वह उनके साथ नहीं था। किन परिस्थितियों में वारदात हुई यह पता कराया जा रहा है। चर्चा है कि मेयर शिवराज पासवान किसी व्यक्ति के मामले के निपटारे के लिए पंचायत करके घर लौट रहे थे। इसी बीच अज्ञात बदमाशों के द्वारा उन पर गोलीबारी की गई।

जमीन की खरीद-बिक्री से भी जुड़े थे मेयर

गंभीर रूप से घायल मेयर को मेडिकल कॉलेज लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मेयर की हत्या की सूचना मिलते ही मेडिकल कॉलेज में समर्थकों और जानने वालों की भीड़ उमड़ पड़ी। बताया जा रहा है कि मेयर जमीन की खरीद बिक्री के कारोबार से भी जुड़े थे। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है। घटना के संबंध में सदर एसडीपीओ अमरकांत झा ने बताया कि अज्ञात अपराधियों द्वारा गोली मारकर मेयर की हत्या की गई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। हत्या के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। निवर्तमान मेयर विजय सिंह के बरारी से विधायक निर्वाचित होने के बाद शिवराज पासवान निर्विरोध नगर निगम के मेयर निर्वाचित हुए थे।